मुख्यमंत्री ने गोल्डन शूटर अपूर्वी चंदेला के स्वदेश लौटने पर सम्मान किया

जयपुर, 3 अगस्त। मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे ने ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों की गोल्डन गर्ल निशानेबाज सुश्री अपूर्वी चंदेला का स्वदेश लौटने पर सम्मान किया। सुश्री चन्देला के मुख्यमंत्री से मिलने राजकीय निवास पर पहुंचने पर श्रीमती राजे ने उनका तिलक लगाकर स्वागत किया।

श्रीमती राजे ने सुश्री चंदेला को उनकी प्रशंसनीय उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर उन्होंने न केवल तिरंगे की शान को बुलंद किया है बल्कि खेल जगत में राजस्थान की उपलब्धियों में एक नया अध्याय जोड़ा है।

मुख्यमंत्री ने होनहार निशानेबाज सहित अन्य पदक विजेताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अन्तर्राष्ट्रीय खेल स्पर्धाओं में देश और प्रदेश का नाम रोशन करने वाले सभी खिलाडि़यों पर देशवासियों को गर्व है। उन्होंने कहा कि इन उपलब्धियों से नई पीढ़ी को जीवन में आगे बढ़ने व नई ऊंचाइयां छूने की प्रेरणा मिलती है।

श्रीमती राजे ने आशा व्यक्त की कि अन्य खिलाड़ी भी ऐसे ही पदक जीतकर देश को गौरवान्वित करेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खिलाडि़यों के लिए अधिक से अधिक खेल सुविधाएं विकसित करेंगी, ताकि खिलाडि़यों को अपनी प्रतिभा के प्रदर्शन के भरपूर अवसर मिल सकें।

श्रीमती राजे ने जीत की उपलब्धि के लिए सुश्री चंदेला को राज्य सरकार की ओर से 15 लाख रुपए की पुरस्कार राशि देने की स्वीकृति भी प्रदान की है। इसके अलावा उन्हें पुरस्कार स्वरूप आवासीय सुविधा भी दी जायेगी। इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह खींवसर, जयपुर ग्रामीण से सांसद श्री राज्यवर्द्धनसिंह राठौड़, मुख्य सचिव श्री राजीव महर्षि व सुश्री चंदेला के परिजन मौजूद थे।

उल्लेखनीय है कि सुश्री चंदेला ने 20वें राष्ट्रमंडल खेलों के 10 मीटर एयर राइफल शूटिंग स्पर्धा (महिला वर्ग) में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता था। जयपुर निवासी सुश्री चंदेला ने मेयो गल्र्स काॅलेज अजमेर व महारानी गायत्री देवी स्कूल से शिक्षा हासिल की है। राज्य सरकार ने उन्हें अलग-अलग अवसरों पर प्रशिक्षण के लिए व राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर पदक जीतने पर पुरस्कार स्वरूप 21 लाख रुपये से अधिक की राशि दी है।