अमित शाह और राजनाथ सिंह ने न्याय आपके द्वार अभियान को सराहा

भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे की पहल पर प्रदेश में चलाए गए न्याय आपके द्वार अभियान की प्रशंसा की है। अमित शाह ने भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में अपने सम्बोधन के दौरान प्रदेश के इस अभियान की मुक्त कंठ से सराहना की, वहीं राजनाथ सिंह ने अपने राजनीतिक प्रस्ताव में न्याय आपके द्वार अभियान का उल्लेख करते हुए इस अभियान को सराहा।

शाह ने शुक्रवार को नई दिल्ली के एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर में शुरू हुई दो दिवसीय भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में कहा कि राजस्थान में चलाए गए न्याय आपके द्वार अभियान से अन्य राज्यों को भी प्रेरणा लेकर ऐसे अभियान संचालित करने चाहिए ताकि बरसों से लम्बित राजस्व वादों का त्वरित निस्तारण हो और आमजन को उनका वाजिब हक मिल सके।

उल्लेखनीय है कि प्रदेश में चलाए गए न्याय आपके द्वार अभियान के तहत आयोजित राजस्व शिविरों में दो वर्ष में 70 लाख प्रकरणों का निस्तारण कर बड़ी संख्या में लोगों को राहत पहुंचाई गई है। अभियान के दौरान प्रदेश की 523 पंचायतें राजस्व वादमुक्त हो गई हैं।

भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के मद्देनजर दिल्ली के मुख्य मार्गों पर पार्टी के दिग्गज नेताओं के होर्डिंग्स लगाए गए हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, वित्त मंत्री अरूण जेटली, गृह मंत्री राजनाथ सिंह के साथ-साथ, मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे के होर्डिंग्स आकर्षण का केन्द्र बने हुए हैं।

राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में राजे के अलावा प्रदेश के गृह मंत्री गुलाबचंद कटारिया, ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री राजेन्द्र राठौड़, केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री अर्जुनराम मेघवाल, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओम माथुर, राष्ट्रीय महासचिव भूपेन्द्र यादव, सांसद दुष्यंत सिंह, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. महेश शर्मा सहित कई नेताओं ने भाग लिया।

दिल्ली/जयपुर, 6 जनवरी 2017