मुख्यमंत्री ने किया विजय स्मारक जीर्णोद्धार कार्य का लोकार्पण

मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने रविवार को स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर अजमेर के बजरंग गढ़ चैराहे पर पाकिस्तान पर भारत की 1971 की ऐतिहासिक विजय की स्मृति में स्थापित विजय स्मारक के जीर्णोद्धार कार्य का लोकार्पण किया।

श्रीमती राजे ने नगर निगम, समृद्धि बिल्डर्स और शहीद भगतसिंह नौजवान सभा के सहयोग से करवाए गए जीर्णोद्धार कार्य का अवलोकन किया और शहीदों की स्मृति को चिरस्थाई बनाये रखने के लिए किए गए इस कार्य की सराहना की।

महाराणा प्रताप स्मारक एवं लेजर लाइट एण्ड साउण्ड शो का उद्घाटन

मुख्यमंत्री ने पुष्कर रोड पर नौसरघाटी में 6 करोड़ रूपए की लागत से नवनिर्मित महाराणा प्रताप स्मारक एवं लेजर लाइट एण्ड साउण्ड शो का उद्घाटन भी किया। उन्होंने देश-प्रदेश की आन-बान-शान के प्रतीक महाराणा प्रताप की अश्वारूढ़ प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर शीश नवाया। इसके बाद उन्होंने यहां आयोजित लेजर शो को भी देखा। लेजर शो में महाराणा प्रताप की जीवन गाथा, तीर्थराज पुष्कर की महिमा, ब्रह्मा व सावित्री माता मंदिर का इतिहास सहित अजमेर के इतिहास से जुड़ी गाथाओं को चित्रित किया गया।

सांस्कृतिक कार्यक्रम में रंग-बिरंगी संस्कृति और देशभक्ति के रंग

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर अजमेर के रेलवे ग्राउण्ड में भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। उन्होंने कलाकारों की प्रस्तुतियों को सराहा और करतल ध्वनि से उनका उत्साहवर्द्धन किया। देश और प्रदेश की रंग-बिरंगी संस्कृति से सराबोर प्रस्तुतियां देकर लोगों को मंत्र-मुग्ध कर दिया। उन्होंने देशभक्ति के रंग में रची-बसी प्रस्तुतियों से लोगों में जोश भर दिया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण, पदाधिकारी एवं गणमान्यजन उपस्थित थे।

जयपुर, 14 अगस्त 2016