मुख्यमंत्री ने सादुलशहर विधानसभा क्षेत्र की विकास पुस्तिका का विमोचन किया

मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने गुरूवार को मुख्यमंत्री निवास में विधायक श्री गुरजन्ट सिंह बराड़ द्वारा उनके विधानसभा क्षेत्र सादुलशहर (श्रीगंगानगर) में करवाए गए विकास कार्यों पर आधारित पुस्तिका ‘सफरनामा‘ का विमोचन किया। इस पुस्तिका में श्री बराड़ के प्रयासों से 2 साल में सादुलशहर क्षेत्र में हुए सर्वांगीण विकास तथा राज्य एवं केन्द्र सरकार की योजनाओं की जानकारी के साथ ही अपने क्षेत्र की उपलब्धियां प्रकाशित की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में हुए कार्यों एवं नवाचारों को वहां की जनता तक पहुंचाने में यह पुस्तिका काफी उपयोगी सिद्ध होगी।

इस पुस्तिका में सादुलशहर विधानसभा क्षेत्र के सतत् विकास के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, सड़क, पानी, चिकित्सा, कृषि, उद्योग आदि क्षेत्रों में हुए कार्यों के बारे में जानकारी संकलित की गई है। पुस्तिका में रंगीन चित्रों के माध्यम से समग्र विकास को दर्शाया गया है।

जयपुर, 11 अगस्त 2016