कांग्रेस ने जो काम 40 साल में नहीं किए वो हमने साढ़े चार में कर दिखाए

मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने कहा कि जो काम कांग्रेस ने 40 साल में नहीं कराए, वो कार्य हमने मात्र साढ़े चार साल में कर दिखाए। राजस्थान को बीमारू प्रदेशों की श्रेणी से बाहर निकाल कर देश के अग्रणी राज्यां की पंक्ति में लाकर खड़ा कर दिया है।

श्रीमती राजे रविवार को राजस्थान गौरव यात्रा के दूसरे दिन गोगुन्दा में आयोजित जनसभा को सम्बोधित कर रही थीं। इस अवसर पर उन्होंने गोगुन्दा विधानसभा क्षेत्र में कराए गए 34 करोड़ 11 लाख रूपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस में चाहे बूढ़े हो या जवान सभी यात्रा कर रहे हैं, लेकिन उन्हें उसका कोई फायदा होने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि राजस्थान की जनता हर बार सरकार बदलने के मिथक को इस बार तोड़ेगी और राजस्थान के विकास के लिए भाजपा की दोबारा सरकार बनाएगी। भाजपा की दोबारा सरकार बनने पर हम राज्य की अंर्तराष्ट्रीय पहचान बनाएंगे और प्रदेश को मॉडल स्टेट के रूप में विकसित करेंगे।

उन्होंने कहा कि हम कांग्रेस की तरह सिर्फ बातें और वादे नहीं करते बल्कि काम करते हैं। हमारी सरकार के कार्यकाल में प्रत्येक पंचायत में 2 करोड़ रूपये से लेकर 5 करोड़ रूपये तक के विकास कार्य हुए हैं। कांग्रेस के समय प्रदेश के 50 प्रतिशत स्कूलों में ताले लगे हुए थे, लेकिन हम इतनी बड़ी संख्या में शिक्षकों की भर्ती कर रहे हैं, जिसके पूरे होने के बाद 98 प्रतिशत स्कूलों में शिक्षक लग जाएंगे। इसी तरह पानी, बिजली, चिकित्सा और सड़क के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने भामाशाह कार्ड के माध्यम से महिला को घर की मुखिया बनाकर उनके सशक्तीकरण करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि लड़कियां हमारी अमानत हैं, इसलिए सरकार ने इनको सम्बल प्रदान करने और सशक्त करने के लिए मुख्यमंत्री राजश्री योजना की शुरूआत की। इसके माध्यम से प्रत्येक लाभार्थी बालिका के माता-पिता या अभिभावक को 6 चरणों में 50 हजार रूपये का भुगतान किया जाता है। इसके साथ ही बालिकाओं को साइकिल, स्कूटी व लैपटॉप भी दिए गए।

उन्होंने कहा कि शुभशक्ति योजना के माध्यम से श्रमिक के रूप में पंजीकृत व्यक्ति की बेटी के बालिग होने पर 55 हजार रूपये की सहायता दी जा रही है। उन्होंने एक लाभार्थी डालचंद को मंच पर बुलाकर सरकार से मिल रही योजनाओं के बारे में जानकारी ली। श्री डालचंद ने बताया कि उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, श्रमिक कार्ड और अन्य योजनाओं का लाभ मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने चोरबावड़ी ग्रामवासियों के गांव के नाम बदलने की मांग पर चोरबावड़ी का नाम बदलकर विजयबावड़ी करने की घोषणा की। इस अवसर पर श्रीमती राजे ने किसानों को ऋण माफी प्रमाण पत्र, विकलांगों को ट्राइसाइकिल, स्कूली बालिकाओं को साइकिल, विधवा तथा वृद्धावस्था पेंशन और प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रमाणपत्र प्रदान किए।

इस अवसर पर गृहमंत्री श्री गुलाबचंद कटारिया ने कहा कि वर्तमान राज्य और केन्द्र सरकार के कार्यकाल में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ने पहली बार खरीफ सीजन की 14 फसलों का लागत का डेढ़ गुना समर्थन मूल्य तय करके किसानों को बड़ी सौगात दी है। खेती को लाभ का सौदा बनाया है। इसके साथ ही ऋण माफी सहित कई महत्वपूर्ण योजनाओं के माध्यम से जनकल्याण के कार्य किए हैं। प्रदेशाध्यक्ष श्री मदन लाल सैनी ने भी उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया।

इस अवसर पर विशाल जनसमूह के साथ, प्रदेश भाजपा प्रभारी श्री अविनाश राय खन्ना, उच्च शिक्षा मंत्री श्रीमती किरण माहेश्वरी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्री अशोक परनामी, संगठन महामंत्री श्री चन्द्रशेखर, विधायक श्री प्रताप लाल गमेती, श्री फूलसिंह मीणा, श्री पुष्कर लाल डांगी, अन्तरराज्यीय जल समझौता शिकायत निवारण समिति के अध्यक्ष श्री रोहिताश्व शर्मा, राज्य महिला अध्यक्ष श्रीमती सुमन शर्मा, अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष श्री जितेन्द्र मीणा भी उपस्थित थे।

राजस्थान गौरव यात्रा के दूसरे दिन नाथद्वारा से गोगुन्दा तक खमनौर, लोसिंग, हल्दीघाटी, कालोड़ा सहित विभन्न स्थानों पर मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे का विशाल जनसमूह ने माल्यार्पण और चुनरी ओढ़ाकर स्वागत और सम्मान किया। खमनौर में स्वागत के दौरान जनसमूह ने मुख्यमंत्री के द्वारा चलाई गई जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए धन्यवाद दिया और भारतीय जनता पार्टी के दोबारा में सत्ता में लाने के लिए वचन दिया।

गोगुन्दा विधानसभा क्षेत्र के लिए ये हुए लोकार्पण और शिलान्यास

  1. पुलिया निर्माण नयावास (4 करोड़ 7 लाख 68 हजार रू.)
  2. पंचायत समिति भवन, सायरा (2 करोड़ 50 लाख रू.)

लोकार्पण/उद्घाटन

  1. एकलव्य मॉडल रेजिडेन्शियल स्कूल (12 करोड़ रू.)
  2. सुदृढ़ीकरण प्रस्ताव जनता जल योजना करदा-रोयड़ा (2 करोड 78 लाख रू.)
  3. पुर्नगठित जल योजना लखावली (1 करोड़ 85 लाख 28 हजार रू.)
  4. जनता जल योजना ईसवाल 99 लाख रूपये

गोगुन्दा, 4 अगस्त 2018