चुस्त प्रशासन और मजबूत सरकार हमारा लक्ष्य

जयपुर, 26 जनवरी। मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे ने प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई देते हुए आह्वान किया है कि समृद्ध और खुशहाल राजस्थान के निर्माण के लिए हम सभी एकजुट होकर अपनी भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि जब तक हम सब मिलकर कड़ी मेहनत के साथ राजस्थान के विकास में नहीं जुटेंगे, राजस्थान आगे नहीं बढे़गा।

श्रीमती राजे रविवार को बड़ी चौपड़ पर आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में झण्डारोहण करने के बाद आमजन को सम्बोधित कर रही थीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि चुस्त प्रशासन और मजबूत सरकार देना हमारा लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि टीम वर्क के बिना कोई काम नहीं हो सकता। टीम राजस्थान ही प्रदेश की जनता के सपनों तथा सुराज के संकल्प को साकार करेगी तथा राजस्थान को देश के अग्रणी राज्यों में खड़ा करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि टीम राजस्थान में मुख्यमंत्री, मंत्री, विधायक, अधिकारी, कर्मचारी, सामाजिक संगठन, सामाजिक संस्थाएं और प्रदेश की पूरी जनता है। श्रीमती राजे ने इस मौके पर अमर शहीदों, स्वतंत्रता सेनानियों एवं संविधान निर्माताओं को नमन करते हुए कहा कि हम सभी का दायित्व है कि देश की आजादी में अपना अमूल्य योगदान देने वाले इन महापुरूषों के सपनों और संकल्पों को साकार करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गणतंत्र दिवस हमें लोकतांत्रिक मूल्यों का आदर करने तथा समर्पित भाव से जन-जन को विकास की धारा से जोड़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि हमारा गणतंत्र आज उन देशों से भी बहुत मजबूत है, जिन देशो में गणतंत्र ने जन्म लिया। हमारे खून में, हमारे संस्कारों में अच्छी चीजों को अपनाने की तासीर है। इसीलिए हम विश्व में अपनी विशेष पहचान रखते हैं। बढ़ते आतंकवाद और नक्सलवाद पर चिंता व्यक्त करते हुए श्रीमती राजे ने कहा कि इन्होंने हमारी विकास की रफ्तार को धीमा कर दिया है। उन्होंने कहा कि जनसेवा ही ईश्वरीय सेवा है। आज के दिन हमें पूरी निष्ठा एवं समर्पण से लोगों की सेवा का संकल्प लेना है।

इस अवसर पर विधायक श्री सुरेन्द्र पारीक, श्री लक्ष्मीनारायण बैरवा, श्री अशोक परनामी तथा उपमहापौर श्री मनीष पारीक सहित बड़ी संख्या में जन प्रतिनिधि एवं आम लोग उपस्थित थे।