कांग्रेस-एनसीपी सरकार ने महाराष्ट्र का नहीं खुदका भला किया
जयपुर, 5 अक्टूबर। मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने कहा है कि पिछले 15 वर्षों में कांग्रेस एवं एनसीपी की सरकार ने महाराष्ट्र का नहीं खुदका विकास किया। महाराष्ट्र की सरकार ने प्रदेश की जनता का नहीं सिर्फ खुदका भला किया। इन 15 वर्षाें में महाराष्ट्र विकास की ऊंचाइयां नाप सकता था, लेकिन यह कार्यकाल महाराष्ट्र के लिए अभिशाप साबित हुआ, जिसमें विकास दर नीचे आ गई। उन्होंने नागरिकों का आह्वान किया कि वे भारतीय जनता पार्टी को विजयी बनाकर नये विकसित महाराष्ट्र बनाने के सपने को साकार करें।
श्रीमती राजे शिरूर, जिन्नर, भोर एवं पुणे में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभाओं को सम्बोधित कर रही थीं। उन्होंने हिन्दी के साथ-साथ मराठी में भी प्रभावी तरीके से अपनी बात कही। उन्होंने कहा कि पिछले 15 वर्ष की अवधि में गुजरात, मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ राज्य कहां से कहां पहुंच गये और महाराष्ट्र की क्या हालत हो गई, यह यहां के हर नागरिक को सोचना होगा। कांग्रेस एवं एनसीपी की सरकार ने जनता की भलाई एवं राज्य के विकास के बजाय हमेशा अपनी ही पार्टी के बारे में ही सोचा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान महाराष्ट्र जैसे प्रान्त में लगातार निवेश तो घट रहा है पर निरंकुश शासन व्यवस्था के कारण हर तरह के अपराध में यह राज्य आगे बढ़ रहा है, यह सोचनीय स्थिति है। उन्होंने कहा कि 60 वर्षों तक राज करने वाली जिस कांग्रेस पार्टी ने देश की भलाई के लिए कुछ नहीं किया, आज वही कांग्रेस मोदी जी की सरकार से 100 दिन का हिसाब मांग रही है।
श्रीमती राजे ने कहा कि महाराष्ट्र में काफी संख्या में किसान आत्महत्या क्यों करते हैं? कांग्रेस को इसका जवाब देना चाहिए। सरकार इनकी चिंता नहीं करती है, यही किसानों की आत्महत्या का मूल कारण है। उन्होंने कहा कि राजस्थान सूखा प्रदेश है, वर्षा की अनिश्चितता के कारण वहां पानी की कमी रहती है परन्तु मरूधरा का किसान परेशान होकर कभी आत्महत्या नहीं करता है क्योंकि हर प्रकार की सहायता के लिए सरकार उसके पीछे खड़ी रहती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं यहां की बेटी हूं तथा राजस्थान की बहू हूं। दोनों राज्यों से मेरा गहरा नाता है। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में हमें 36 की 36 कौमों को साथ लेकर चलने वाली भाजपा से नाता जोड़ना है। श्रीमती राजे ने विकास के पर्याय बन रहे मोदी सरकार की प्रशंसा करते हुए कहा कि अमेरिका जैसे देश ने उनकी अगुवानी के लिए पलक-पावडे बिछा दिये। आम आदमी को विकास से जोड़ने की भाजपा की धारणा को मजबूत करने के लिए उन्होंने राज्य में भाजपा की सरकार बनाने का आह्वान किया।
श्रीमती राजे का प्रातः पुणे पहुंचने पर एयरपोर्ट पर स्थानीय भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।
