‘न्याय आपके द्वार’ अभियान इस वर्ष भी चलाया जायेगा

राजस्व एवं उपनिवेशन विभागों के कार्यों की समीक्षा

मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने कहा है कि गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी राज्य सरकार राजस्व लोक अदालत ‘न्याय आपके द्वार’ अभियान चलाएगी, ताकि लम्बित राजस्व प्रकरणों का निस्तारण कर आमजन को राहत पहुंचाई जा सके।

श्रीमती राजे बुधवार को मुख्यमंत्री निवास पर राजस्व एवं उपनिवेशन विभाग के कार्यों की समीक्षा कर रही थीं। उन्होंने कहा कि न्याय आपके द्वार अभियान के अन्तर्गत गत वर्ष आयोजित राजस्व लोक अदालतों को अभूतपूर्व सफलता मिली थी। इनमें नामान्तरकरण, राजस्व नकल, राजस्व अभिलेख में दुरूस्ती, खाता विभाजन, खातेदारी अधिकार, इजराय, सीमाज्ञान, पत्थरगढ़ी, रास्ते आदि से सम्बन्धित मामलों को समझाइश से सुलझाया गया था।

मुख्यमंत्री ने भू-दस्तावेजों के कम्प्यूटराइजेशन, डिजिटाइजेशन, आॅनलाइन जमाबंदी एवं खसरा मेप के डिजिटाइजेशन की प्रगति के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने राजस्व कार्यालयों के सुदृढ़ीकरण, माॅडर्न रिकाॅर्ड रूम्स की स्थापना एवं पोंग बांध विस्थापितों की समस्या के समाधान की दिशा में हुई प्रगति की भी समीक्षा की।

बैठक में राजस्व राज्यमंत्री श्री अमराराम, मुख्य सचिव श्री सीएस राजन, राजस्व मण्डल अध्यक्ष श्री अशोक शेखर, प्रमुख शासन सचिव वित्त श्री पी.एस.मेहरा, राजस्व सचिव श्री आलोक, आयोजना सचिव श्री अखिल अरोरा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

जयपुर, 10 फरवरी 2016