धौलपुर की जीत आने वाले विधानसभा चुनाव के नतीजों का संकेत

मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने धौलपुर विधानसभा उप चुनाव में भाजपा को मिली ऐतिहासिक जीत को क्षेत्र की जनता को समर्पित किया है। उन्होंने कहा है कि यह जीत राज्य सरकार के तीन वर्षों में किए गए विकास कार्यों और सुशासन की जीत है। यह धौलपुर की जनता के विश्वास और भाजपा कार्यकताओं एवं पार्टी पदाधिकारियों की कड़ी मेहनत का सुखद परिणाम है।

श्रीमती राजे ने कहा है कि धौलपुर की यह अभूतपूर्व जीत आने वाले विधानसभा चुनाव के नतीजों का संकेत है। उन्होंने कहा कि भाजपा सुराज के अपने संकल्प पर इसी तरह खरा उतरते हुए 2018 में होने वाले विधानसभा चुनाव में भी भारी बहुमत से सरकार बनाएगी।

मुख्यमंत्री ने देश के अन्य विधानसभा क्षेत्रों में हुए उप चुनाव में भी भाजपा को मिली शानदार जीत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश कांग्रेस मुक्त होते हुए तेजी से विकास के पथ पर बढ़ रहा है। भविष्य में भी यह यात्रा इसी तरह जारी रहेगी।

जयपुर, 13 अप्रेल 2017