मुख्यमंत्री निवास पर फहराया भाजपा का ध्वज मैं भाजपा के 11 करोड़ कार्यकर्ताओं में से एक साधारण कार्यकर्ता

मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने कहा है कि भाजपा देश की ही नहीं पूरे विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन गई है, जिसमें 11 करोड़ से ज्यादा कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि मुझे खुशी है कि इस विशाल परिवार में शामिल इन करोड़ों कार्यकर्ताओं में से मैं भी एक साधारण कार्यकर्ता हूं।

श्रीमती राजे बुधवार को मुख्यमंत्री निवास पर भाजपा के स्थापना दिवस एवं झण्डा दिवस के अवसर पर बड़ी संख्या में प्रदेशभर से आए कार्यकर्ताओं को सम्बोधित कर रही थीं। कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को भाजपा का ध्वज सौंपा और उनके सरकारी निवास 13, सिविल लाईन्स पर भाजपा का ध्वज फहराया।

मुख्यमंत्री ने सभी कार्यकताओं को बधाई देते हुए कहा कि यह हमारे लिए आत्म गौरव का दिन है। उन्होंने कहा कि डाॅ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पण्डित दीनदयाल उपाध्याय, नानाजी देशमुख, श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी, राजमाता विजया राजे सिंधिया, श्री लालकृष्ण आडवाणी ने जो पौधा लगाया था उसने आज विशाल वट वृक्ष का रूप ले लिया है और प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह के मार्गदर्शन तथा कुशल नेतृत्व में भाजपा आज पूर्ण बहुमत के साथ देश में सरकार बनाकर देशवासियों की सेवा कर रही है।
श्रीमती राजे ने कहा कि राज्य में भी 80 लाख कार्यकर्ताओं की इस पार्टी ने एक नया इतिहास बनाया है। इस बड़े परिवार में मुख्यमंत्री, मंत्री सहित सभी साधारण कार्यकर्ता के रूप में काम कर रहे हैं, लेकिन हमें यहीं नहीं रुकना और आगे बढ़ना है। प्रदेश के लोगों का ओर अधिक विश्वास अर्जित करना है। लोगों के मन में जो अपेक्षाएं हैं उन पर खरा उतरने का ईमानदारी के साथ और ज्यादा प्रयास करना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अवसर पर मैं प्रदेश के भाजपा कार्यकर्ताओं को भी शुभकामनाएं देती हूं, जिनके समर्पण, निःस्वार्थ सेवा और अथक परिश्रम के कारण आज भाजपा का यह विशाल परिवार निरन्तर आगे बढ़ रहा है।

इस अवसर पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री राजेन्द्र राठौड़, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डाॅ. अरूण चतुर्वेदी, राज्य स्तरीय 20 सूत्री कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष डाॅ. दिगम्बर सिंह, भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष श्री अशोक परनामी, सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

जयपुर, 6 अप्रेल 2016