देश की युवा पीढ़ी के आगे दुनिया नत मस्तक

जनपथ पर गूंजा वन्देमातरम्

मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे की मौजूदगी में मंगलवार को जनपथ पर जोश और उमंग से लबरेज 50 हजार से अधिक युवाओं ने राष्ट्र गीत वन्देमातरम् गा कर पूरे माहौल को राष्ट्र भक्ति के रंग से सराबोर कर दिया। श्री विक्रम हाजरा के निर्देशन में 120 सितार वादकों की समवेत स्वरों में ओजपूर्ण प्रस्तुति ने सभी को भावविभोर कर दिया।

हिन्दू स्प्रिच्युअल एण्ड सर्विस फेयर-जयपुर 2015 के तहत आयोजित देश भक्ति के वन्देमातरम्-वाॅयस आॅफ यूनिटी के इस कार्यक्रम में युवाओं को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ’वन्देमातरम्’ देश को जोड़ने का जरिया है। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे इस राष्ट्र गीत की मूल भावना को आत्मसात करते हुए भारत को दुनिया के शीर्ष देशों में ले जाने का काम करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में देश में जो निर्णय लेकर ठोस कदम उठाये गये हैं उससे दुनिया में भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है और वो हमारे सामने नतमस्तक हैं। नई पीढ़ी ने अपनी काबिलियत से पूरी दुनिया में हमारे देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह सिलसिला जारी रहेगा। देश का भविष्य युवाओं के हाथों में सुरक्षित है।

श्रीमती राजे ने कहा कि वर्ष 2003 में 155 देशों के प्रतिनिधियों ने एक अन्तर्राष्ट्रीय सर्वे में वन्देमातरम् गीत को विश्व का दूसरा सबसे लोकप्रिय गीत चुना था। यह प्रत्येक भारतवासी के लिए गौरव की बात है। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर सभी को वृक्षों, नागदेवता, गौमाता, गंगामाता, धरती माता, शिक्षक, नारी शक्ति, माता-पिता तथा राष्ट्र नायकों के सम्मान, वन्दन एवं रक्षा की शपथ दिलाई।

श्रीमती राजे युवाओं की ’आइकाॅन’
केन्द्रीय सूचना प्रसारण राज्यमंत्री कर्नल राज्यवर्द्धन सिंह राठौड़ ने युवाओं का आह्वान किया कि वे अपना लक्ष्य एवं आदर्श व्यक्तित्व निर्धारित कर जीवन में आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने पुरुषों की दुनिया में अपना अहम मुकाम हासिल किया है। राजस्थान के युवाओं के लिए वे ’आइकाॅन’ हैं। हम सभी को उनके व्यक्तित्व से प्रेरणा मिलती है।

कर्नल राठौड़ ने कहा कि युवाओं एवं उनकी असीम ऊर्जा को देखकर सभी में जोश एवं उत्साह का संचार हो जाता है। उन्होंने कहा कि हमें आजादी आसानी से नहीं मिली है, हमें इसे बरकरार रखने के लिए सदैव देश सेवा के लिए संकल्पबद्ध रहना होगा। उन्होंने कहा कि युवा सोशल मीडि़या तथा इन्टरनेट पर भारत की परम्परा के अनुरूप अपने विचारों का आदान-प्रदान कर गौरवमयी संस्कृति के वाहक बनें।

इससे पहले कार्यक्रम के मार्गदर्शक श्री गुणवंत सिंह कोठारी ने बताया कि देश की युवा पीढ़ी को सेवा कार्यों से जोड़ने के लिए 8 से 11 अक्टूबर तक इन्वेस्टमेंट ग्राउण्ड में हिन्दू स्प्रिच्युअल एण्ड सर्विस फेयर-जयपुर 2015 का आयोजन किया जा रहा है। करीब 250 संस्थाएं इस आयोजन से जुड़ चुकी हैं। उन्होंने आयोजक संस्था द्वारा विभिन्न स्थानों पर चलाये जा रहे सेवा प्रकल्पों की जानकारी दी।

कार्यक्रम संयोजक श्री अनुराग अग्रवाल, सह संयोजक श्री शशिकांत सिंघवी, जयपुर फाउण्डेशन के डाॅ. सुभाष बापना सहित आयोजन समिति से जुड़े पदाधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।

जयपुर, 6 अक्टूबर 2015