टैम्पल टाउन के रूप में विकसित होगा पुष्कर

मुख्यमंत्री ने किया बूढ़ा पुष्कर में फीडर निर्माण का शिलान्यास व तहसील भवन का लोकार्पण

मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने पुष्कर को तिरूपति की तर्ज पर टैम्पल टाउन के रूप में विकसित करने की घोषणा की है। उन्होंने पुष्कर में 24 कोस परिक्रमा क्षेत्रा के विकास, आनासागर एवं फाॅयसागर के विकास के लिए विशेष प्रयास एवं अजमेर को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित किए जाने पर भी बल दिया। श्रीमती राजे ने कहा कि प्रदेश की जनता के साथ, संतों के आशीर्वाद एवं हम सभी के संयुक्त प्रयासों से राजस्थान अभूतपूर्व विकास की ओर अग्रसर है।

मुख्यमंत्री शनिवार को बूढ़ा पुष्कर में 9 करोड़ 10 लाख रुपये की लागत से बनने वाले फीडर निर्माण कार्य के शिलान्यास के बाद सम्बोधित कर रही थीं। इस कार्य को महात्मा गांधी नरेगा योजना से भी जोड़ा जाएगा। जन सभा को सम्बोधित करते हुए श्रीमती राजे ने अजमेर को कई तोहफे दिए। उन्होंने कहा कि तीर्थराज पुष्कर पूरे विश्व में अनूठा एवं अलग स्थान रखता है। हम सब मिलकर इसका विकास करेंगे। तीर्थराज को टैम्पल टाउन के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां 24 कोसी परिक्रमा के स्थान को विकसित किया जाएगा।

श्रीमती राजे ने कहा कि बूढ़ा पुष्कर के विकास एवं जीर्णोद्धार का कार्य हमने अपने पिछले कार्यकाल में जून 2006 में शुरू किया था। यहां के विकास के लिए प्रयास निरन्तर जारी रहेंगे । अब हम सब मिलकर बूढ़ा पुष्कर में पानी लाएंगे। संत-महात्माओं का आशीर्वाद एवं जनता के साथ यह कार्य पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि हमने पुष्कर के विकास के लिए चार साल का कार्यक्रम बनाया है। यह कार्य सभी के साथ मिलकर पूरा होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हर जिले में ऐसे स्थानों का विकास कर रही है जो लोगों के दिल से जुड़े हुए हैं। नागौर में तेजा जी का स्थान, मीराबाई का मंदिर, हनुमानगढ़ में गोगामेडी, पाली, खोले के हनुमानजी एवं सामोद सहित अन्य स्थानों पर आम आदमी के स्वाभिमान से जुड़े स्थानों का विकास किया जा रहा है। यह सभी स्थान जनता की श्रद्धा के केन्द्र हैं। इन स्थानों का विकास इस तरह से किया जाएगा कि अन्य प्रदेशों के लोग भी उन्हें देखने आएं। उन्होंने कहा कि नाथद्वारा का काफी विकास हो गया है, अब इसी तर्ज पर पुष्कर को भी विकसित किया जाएगा।

श्रीमती राजे ने कहा कि आनासागर व फाॅयसागर को झीलों के विकास के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। इस पर शीघ्र निर्णय होगा। उन्होंने कहा कि अजमेर स्मार्ट सिटी बनने जा रहा है। ऐसे में शहर का खूब विकास होगा।

पानी बनेगा राजस्थान की ताकत

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान में पानी की कमी है लेकिन नदियों को जोड़ने के पुनीत कार्य में प्रदेश की जनता के सक्रीय जुड़ाव एवं जागरूकता से पानी ही हमारी ताकत बनेगा।

उन्होंने नदियों को जोड़ने के पुनीत कार्य में प्रदेश की जनता से सहयोग एवं समन्वय की अपील की। उन्होंने कहा कि जिस तरह जल चेतना यात्रा में जनता ने जागरूक होकर भरपूर साथ दिया। उसी तरह नदियों को जोड़ने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। श्रीमती राजे ने कहा कि प्रदेश में पानी की कमी है लेकिन हम इसे अपनी ताकत बनाएंगे।

स्वच्छ राजस्थान अभियान से सभी को जुड़ना होगा

श्रीमती राजे ने कहा कि स्वच्छ भारत के साथ ही स्वच्छ राजस्थान अभियान भी चलाया जा रहा है। लेकिन सफाई सिर्फ कुछ ही दिन झाडू़ चलाने से नहीं होगी। एक-एक व्यक्ति को इससे जुड़ना होगा। आम आदमी को अपने घर, मोहल्ले व क्षेत्रा की सफाई के प्रति जागरूक होना होगा। बच्चों में भी इसके प्रति जागरूकता उत्पन्न करनी होगी।

राजस्व अभियान से मिली पांच लाख लोगों को राहत

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने प्रदेश की जनता से वादा किया था कि उनके राजस्व संबंधी मामलों को प्राथमिकता से हल करेंगे। राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे राजस्व लोक अदालत – “न्याय आपके द्वार“ अभियान के शानदार परिणाम सामने आए हैं। अभियान के तहत सिर्फ 25 दिनों में पांच लाख राजस्व संबंधी मामलों का निस्तारण हुआ है। यह अभियान 15 जुलाई तक चलेगा, तब तक लाखों और प्रकरण निस्तारित होंगे। उन्होंने कहा कि यह अभियान प्रति वर्ष चलाया जाएगा।

महिलाओं से मिलने पहुंची मुख्यमंत्री

जन सभा के बाद मुख्यमंत्री ग्रामीण महिलाओं से मिलने पहुंच गयी। उन्होंने सभा में बड़ी संख्या में मौजूद महिलाओं से आत्मीयता से बात की।

संतों से लिया आशीर्वाद

मुख्यमंत्री ने मंच पर पहुंचते ही वहां उपस्थित संतों से आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री सबसे पहले संतों के आसन की ओर गईं और उनसे आशीर्वाद लिया। मंच पर विभिन्न धर्मों के कई प्रसिद्ध संत उपस्थित थे।

इससे पहले मुख्यमंत्री श्रीमती राजे ने बूढ़ा पुष्कर में पूजा अर्चना कर फीडर निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। उन्होंने पुष्कर में नवनिर्मित तहसील भवन के शिलालेख का लोकार्पण एवं बूढ़ा पुष्कर प्रदर्शनी दीर्घा का अवलोकन भी किया।

कार्यक्रम को केन्द्रीय जल संसाधन राज्य मंत्री प्रो. सांवरलाल जाट, राजस्थान धरोहर संरक्षण एवं प्रोन्नति प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री औंकार सिंह लखावत सहित अन्य वक्ताओं ने भी सम्बोधित किया।

इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री डाॅ. रामप्रताप, जिले के प्रभारी एवं शिक्षा राज्य मंत्री प्रो. वासुदेव देवनानी, महिला बाल विकास मंत्री श्रीमती अनीता भदेल, सहकारिता मंत्री श्री अजय सिंह किलक, विधायक श्री सुरेश रावत, श्री शंकर सिंह रावत, श्री भागीरथ चैधरी, श्रीमती सुशील कंवर पलाड़ा, श्री शत्राुघ्न गौतम एवं जिला प्रमुख सुश्री वंदना नोगिया सहित कई जनप्रतिनिधि एवं संत उपस्थित थे।

जयपुर, 13 जून 2015