प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सांस्कृतिक, राजनीतिक, रणनीतिक और आर्थिक महाशक्ति के रूप में उभर रहा भारत

एनडीए-2 सरकार के दो साल

मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने केन्द्र की एनडीए-2 सरकार की दूसरी वर्षगांठ पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश एक नये रूप में विकास के पथ पर तेजी से बढ़ रहा है। पूरी दुनिया में भारत एक महाशक्ति के रूप में अपनी स्थाई पहचान कायम कर रहा है। गांव, गरीब और किसान के उत्थान के जो प्रयास पिछले दो साल में हुए उनसे भारत की तस्वीर बदली है।

श्रीमती राजे ने कहा कि ग्रामोदय से भारत उदय और उज्ज्वला जैसी योजनाएं गांव के विकास और गरीब के चेहरे पर मुस्कान लाने का अभिनव प्रयास है। केन्द्र सरकार ने भ्रष्टाचार पर जीरो टोलरेंस की नीति अपनाई है, इसी का नतीजा है कि पिछले दो साल में लोगों को जवाबदेह सुशासन प्राप्त हुआ है। केन्द्र सरकार अपने वादों, इरादों और जनता की आशाओं पर खरी उतरी है। हाल ही हुए विधानसभा चुनावों में जनता ने इस सुशासन पर अपनी मुहर लगाई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पूरी दुनिया आर्थिक मंदी के दौर से गुजर रही है, लेकिन अपनी प्रभावी नीतियों और सुदृढ़ आर्थिक प्रबन्धन के बूते भारत की आर्थिक वृद्धि दर लगातार बढ़ती जा रही है। वित्तीय समावेशन की महत्वाकांक्षी जन-धन योजना की सर्वत्र सराहना हो रही है और यह ऐसी योजना है जिसे शुरू होने के सप्ताह भर में ही गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में स्थान मिला। भारत की अमूल्य देन योग को मोदी सरकार के प्रयासों से संयुक्त राष्ट्र में पहचान मिली और 21 जून को अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाये जाने की शुरूआत भारत के लिए गर्व की बात है।

श्रीमती राजे ने कहा कि अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत की कूटनीतिक विजय ने सभी आलोचकों का मुंह बंद कर दिया है। बात चाहे बांग्लादेश के साथ हुए ऐतिहासिक भूमि हस्तांतरण सीमा समझौते की हो या हाल ही ईरान में चाबहार बंदरगाह के विकास में भारत की योजना की। अमेरिका, अफगानिस्तान और अन्य देशों के साथ मजबूत होते रिश्तों ने भारत की विश्व स्तर पर एक नयी छवि स्थापित की है और पूरी दुनिया हमारा लोहा मान रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सांस्कृतिक, राजनीतिक, रणनीतिक और आर्थिक महाशक्ति के रूप में उभरता हुआ भारत केन्द्र सरकार की दो साल की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। आशा है प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत समग्र रूप से यूं ही बढ़ता रहेगा।

जयपुर, 25 मई 2016