मुख्यमंत्री ने विधायक श्री कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि दी

मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने बुधवार को नाथद्वारा के समीप स्थित डगवाड़ा पहुंचकर विधायक श्री कल्याण सिंह चौहान को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। श्रीमती राजे ने पार्थिव देह पर पुष्पचक्र अर्पित किया और श्री सिंह के परिजनों को ढांढस बंधाया।

विधायक श्री कल्याण सिंह के निधन का समाचार सुनकर मुख्यमंत्री बुधवार दोपहर विधायक स्व. सिंह के निवास स्थान डगवाड़ा पहुंचीं। उन्होंने स्व. सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना भी की।

गौरतलब है कि राजसमन्द जिले के नाथद्वारा विधानसभा क्षेत्र से विधायक श्री कल्याण सिंह चौहान का मंगलवार देर रात उदयपुर के निजी अस्पताल में निधन हो गया था। वे लम्बे समय से बीमार थे।

जयपुर/राजसमन्द, 21 फरवरी 2018