सीएम ने कहा – अच्छा काम कर रहा है भण्डार व्यवस्था निगम

मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने राजस्थान राज्य भण्डार व्यवस्था निगम की ओर से भण्डारण व्यवस्था सुदृढ़ बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की है। उन्होंने कहा कि निगम बेहतर कार्य कर रहा है, इससे न केवल निगम के लाभांश में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, बल्कि कृषकों को भी अपनी उपज के भण्डारण में अधिक सुविधा मिल रही है।

श्रीमती राजे ने यह बात सोमवार को मुख्यमंत्री निवास पर निगम की ओर से वर्ष 2016-17 के लिए 1.18 करोड़ रूपए का लाभांश चैक भेंट करने के दौरान कही। निगम अध्यक्ष श्री जनार्दन सिंह गहलोत ने श्रीमती राजे को चैक भेंट किया। श्रीमती राजे ने निगम की बेहतर व्यवस्थाओं, कार्यशैली तथा लाभ में बढ़ोतरी के लिए श्री गहलोत के प्रयासों को सराहा।

निगम अध्यक्ष श्री गहलोत ने मुख्यमंत्री को बताया कि वर्ष 2016-17 में निगम को 34.48 करोड़ रूपए का लाभ हुआ है, जबकि वर्ष 2015-16 में 25.11 करोड़ रूपए का लाभ हुआ था। श्री गहलोत ने बताया कि राज्य के विभिन्न जिलों में 93 स्थानों पर निगम के भण्डार गृह हैं। वर्तमान में निगम की कुल भण्डारण क्षमता 11.41 लाख मैट्रिक टन है, जिसमें से औसतन 84 प्रतिशत क्षमता का उपयोग हो रहा है।

उन्होंने बताया कि निगम के भण्डार गृहों पर संग्रहीत कृषि उत्पादन एवं अन्य जिंसों के भण्डारण शुल्क में कृषकों को दी जा रही छूट अन्य राज्य भण्डारण निगमों एवं केंद्रीय भण्डारण निगम की तुलना में सर्वाधिक है। समस्त सहकारी संस्थाओं को 10 प्रतिशत, कृषकों को 60 प्रतिशत तथा समस्त अनुसूचित जाति तथा जनजाति के कृषकों को 70 प्रतिशत तक छूट दी जा रही है।

इस अवसर पर निगम के प्रबंध निदेशक श्री गिरिराज सिंह तथा कार्यकारी निदेशक श्री मधुकर शर्मा भी उपस्थित थे।

जयपुर, 11 दिसम्बर 2017