महिला अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाएं

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस

मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस (8 मार्च) के अवसर पर प्रदेश की सभी महिलाओं को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

श्रीमती राजे ने अपने संदेश में कहा कि आज देश और दुनिया में महिलाएं अपने अद्भुत आत्मबल, दृढ़ इच्छा-शक्ति और संकल्प के साथ हर क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बना रही हैं। यह दिवस सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीति सहित सभी क्षेत्रों में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी के प्रति सम्मान को अभिव्यक्त करने तथा आत्मगौरव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सही मायने में संतुलित विकास तभी संभव है, जब समानता के साथ महिलाओं को और अधिक सशक्त बनाया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में महिला सशक्तीकरण के लिए प्रतिबद्ध है। भामाशाह तथा राजश्री जैसी योजनाएं इसका उदाहरण हैं। लैंगिक समानता, हिंसा-मुक्त वातावरण तथा महिला शिक्षा को बढ़ावा देना सरकार की प्राथमिकताओं में है। श्रीमती राजे ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों का आह्वान किया कि वे महिलाओं के उत्थान और सशक्तीकरण के लिए आगे आएं।

जयपुर, 7 मार्च 2017