मुख्यमंत्री ने थाली बजाकर मनाई बेटी के जन्म की खुशी

मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने बेटी बचाओ अभियान के तहत बुधवार को सूरजगढ़ में पूनम और आशा को बेटी के जन्म की बधाई देते हुए उन्हें अपने हाथों से ‘बधाई संदेश‘ दिया। श्रीमती राजे ने थाली बजाकर बेटियों के जन्म की खुशी भी मनाई।

मुख्यमंत्री ने दोनों महिलाओं को अपने हाथ से तिलक लगाया और दोनों की 4-4 माह की बेटियों अनन्या और वासु को दुलार भी किया।

श्रीमती राजे ने इस दौरान राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन की लाभार्थी महिलाओं से भी मुलाकात की। आजाद हिन्द जनकल्याण संस्थान पिलानी से जुड़े स्वयंसेवी समूह की इन दस सदस्यों को योजना के तहत 10-10 हजार रुपए की सहायता मिली है।

विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया

मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने सूरजगढ़ में हुए विकास कार्यां पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। उन्होंने क्षेत्र में ग्रामीण गौरव पथ, मिसिंग लिंक और अन्य योजनाओं के तहत बनी सड़कों एवं अन्य विकास कार्यों को देखा। श्रीमती राजे ने मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान के तहत हुए कुंड निर्माण सहित अन्य जल ग्रहण ढ़ांचों की सराहना की। इस दौरान खान राज्य मंत्री श्री सुरेन्द्रपाल सिंह टीटी, सांसद श्रीमती संतोष अहलावत, संभागीय आयुक्त श्री राजेश्वर सिंह, आईजी श्री हेमन्त प्रियदर्शी, जिला कलेक्टर श्री दिनेश यादव एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

भाजपा मंडल अध्यक्षों व बूथ प्रभारियों के साथ बैठक


मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने सूरजगढ़ विधानसभा क्षेत्र के भाजपा मंडल अध्यक्षों, बूथ प्रभारियों सहित अन्य पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की।

जयपुर/झुन्झुनूं, 6 दिसम्बर 2017