मुख्यमंत्री ने चलाई सिलाई मशीन

जयपुर, 13 दिसम्बर। मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे ने शनिवार को महिलाओं के आग्रह पर सिलाई मशीन पर बैठकर कपडे़ की सिलाई कर उनकी हौसला अफजवाई की।

मौका था रामलीला मैदान में सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा राज्य सरकार के एक वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियों पर आधारित विकास प्रदर्शनी ’नई दिशा, नया राजस्थान, आओ साथ चलें’ के उद्घाटन का, जिसमें मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि थीं।

प्रदर्शनी के उद्घाटन के बाद जब श्रीमती राजे राजस्थान कौशल विकास एवं आजीविका मिशन की स्टाॅल पर गईं, तो वहां उपस्थित महिलाओं ने उनसे सिलाई मशीन पर सिलाई करने का आग्रह किया। फिर क्या था मुख्यमंत्री बैठ गई सिलाई मशीन पर और उन्होंने सिलाई मशीन चलाकर एक कपडे़ पर बटन लगाने के लिए ’काज’ बनाएं। अपने बीच प्रदेश की मुख्यमंत्री को सिलाई करते हुए देख महिलाएं बहुत खुश हुई।

शायद उनको अंदाजा भी नहीं था कि मुख्यमंत्री उनके आग्रह पर सिलाई मशीन चलाकर कपडे़ पर सिलाई में निपुण एक महिला की तरह सुंदर काज बना देंगी।