वसुन्धरा जी के नेतृत्व में लड़ा जाएगा चुनाव, प्रचंड बहुमत से फिर बनेंगी सीएम – शाह

भाजपा प्रदेश कार्यसमिति बैठक

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह ने कहा कि राजस्थान में आने वाला विधानसभा चुनाव मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे के नेतृत्व में लड़ा जाएगा और प्रचंड बहुमत के साथ वे ही एक बार फिर मुख्यमंत्री बनेंगी। श्री शाह ने कहा कि राजस्थान के साथ-साथ छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश में भी हम एक बार फिर सरकार बनाएंगे और 2019 में श्री नरेन्द्र मोदी ही देश के प्रधानमंत्री बनेंगे। श्री शाह शनिवार को जयपुर के तोतूका भवन में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राजस्थान में एक बार भाजपा और एक बार कांग्रेस की परम्परा इस बार टूटने जा रही है।

वसुन्धरा सरकार की योजनाओं को मॉडल के रूप में स्वीकार किया

श्रीमती वसुन्धरा राजे की सरकार ने राजस्थान में बहुत काम किया है। भामाशाह योजना, मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान और गौरव पथ जैसी कई योजनाओं को देशभर में यश मिला है। वसुन्धरा सरकार की कई योजनाओं को देश में मॉडल के रूप में स्वीकार किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार के कामों को लेकर हम जनता के बीच जाएंगे।

श्री शाह ने कहा कि कांग्रेस नकारात्मक राजनीति कर अफवाहें फैलाने का काम कर रही है। उन्हांने कहा कि यह लोकतंत्र पर अघोषित हमला है और ऐसी परिस्थिति में कांग्रेस के खिलाफ भाजपा की लड़ाई और अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है।

पिछली जीत से भी इस बार की जीत बड़ी होगी – मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने कहा कि हम विधानसभा चुनावों में पिछली बार से भी अधिक सीटें जीतेंगे। पिछली जीत से भी इस बार की जीत बड़ी होगी। हम लोकसभा चुनाव में सभी 25 सीटें जीतकर एक बार फिर श्री नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता कांग्रेस की चालों को समझ गयी है और इनके बहकावे में आने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि हमारे पास चुनाव जीतने की हर वजह मौजूद है।

शाह के विजन और मेहनत से भाजपा विश्व का सबसे बड़ा दल

श्रीमती राजे ने कहा कि श्री शाह के विजन और मेहनत से आज भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बन गया है। उन्होंने कहा कि संसद में शुक्रवार को जिस तरह से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की सरकार ने विश्वास मत हासिल किया है, उससे एक बार फिर यह साबित हो गया है कि आने वाले समय भारतीय जनता पार्टी का ही है।

पीएम का सपना देख रहे कांग्रेस सांसद के आचरण से मर्यादा तार-तार

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का सपना देख रहे कांग्रेस के युवा सांसद ने जिस तरह का संसद में आचरण किया उससे मर्यादा तार-तार हुई। अपने उद्बोधन में उन्होंने झूठ पर झूठ बोला। सही भी है क्योंकि कांग्रेस की फितरत शुरू से ही झूठ बोलने की रही है। अफवाएं फैलाओं और लोगों को भड़काओं। लेकिन अब लोग जान गए हैं। वह कांग्रेस के छलावे में आने वाले नहीं है।

कांग्रेस ने एससी-एसटी एक्ट खत्म करने की अफवाह फैलाई

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने एससी-एसटी एक्ट खत्म करने की अफवाह फैलाई, लेकिन बाद में हमारे एससी-एसटी के भाई-बहन कांग्रेस की इस चाल को समझ गये। अब चुनाव का दौर आ गया है। कांग्रेस रात को दिन और दिन को रात बताने का प्रयास करेगी। हमारे कार्यकर्ताओं को कांग्रेस के दुष्प्रचार का जवाब देना होगा।

इससे पहले भाजपा प्रदेशाध्यक्ष श्री मदनलाल सैनी ने भी सम्बोधित किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय संगठन महामंत्री श्री रामलाल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और प्रदेश प्रभारी श्री अविनाश राय खन्ना, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री श्री वी. सतीश, राष्ट्रीय महामंत्री श्री मुरलीधर राव और श्री भूपेंद्र यादव, प्रदेश संगठन महामंत्री श्री चंद्रशेखर सहित केन्द्रीय मंत्री श्री विजय गोयल, श्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़, श्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, श्री अर्जुनराम मेघवाल, श्री सीआर चौधरी, प्रदेश के गृह मंत्री श्री गुलाबचंद कटारिया, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री अरूण चतुर्वेदी, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष श्री अशोक परनामी भी मंच पर उपस्थित थे।

जयपुर, 21 जुलाई 2018