पुष्कर सरोवर पर सुर और संगीत ने बांधा समां

मुख्यमंत्री ने सेक्रेड पुष्कर महोत्सव का शुभारम्भ किया

मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने अन्तर्राष्ट्रीय पुष्कर मेले के तहत दि सेक्रेड पुष्कर महोत्सव का शुभारम्भ रविवार शाम को किया। महोत्सव के पहले दिन पुष्कर सरोवर के 52 घाटों पर जगमगाते दीयों की रोशनी के बीच सुर संगीत ने समां बांध दिया। मुख्यमंत्री सहित घाटों पर उपस्थित हजारों लोगों ने इस कार्यक्रम को मंत्रा-मुग्ध होकर देखा।

श्रीमती राजे ने पुष्कर सरोवर के राजबोहरा घाट पर तीन दिवसीय दि सेक्रेड पुष्कर महोत्सव का दीप प्रज्ज्वलन कर शुभारम्भ किया। महोत्सव की शुरूआत प्रख्यात नगाड़ा वादक श्री नाथूलाल सोलंकी के नगाड़ा वादन से हुई। विभिन्न साज और धुनों के बीच लयबद्ध नगाड़ा वादन ने सभी का मन मोह लिया। इसके पश्चात ग्रेमी पुरस्कार विजेता बांसुरी वादक श्री सुनील कांत गुप्ता ने बांसुरी की धुन पर सभी को मंत्रा-मुग्ध कर दिया। उनकी बांसुरी की विभिन्न धुनों पर लोग पूरी तरह तन्यम होकर सुनते रहे।

सेक्रेड महोत्सव में प्रख्यात गायिका शुभा मुद्गल ने अपने लोकप्रिय शास्त्रीय संगीत की प्रस्तुति से चार चांद लगा दिए। उन्होंने कृष्ण भक्ति से जुड़ा गीत “नाचे छैल छबीलो नंद को कुमार है’’ गाया तो सभी झूम उठे।

इस अवसर पर जिले के प्रभारी एवं शिक्षा मंत्री प्रो. वासुदेव देवनानी, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अनित भदेल, विधायकगण, स्थानीय जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद थे।

अजमेर/जयपुर, 22 नवम्बर 2015