प्रधानमंत्री ने राजस्थान को गेहूं उत्पादन में कृषि कर्मण अवार्ड दिया, किसानों को भी मिला कृषि मंत्री अवार्ड

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे को सर्वश्रेष्ठ राज्य का कृषि कर्मण अवार्ड प्रदान किया। यह पुरस्कार वर्ष 2014-2015 के दौरान राजस्थान द्वारा गेहूं उत्पादन में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन हेतु प्रदान किया गया है। पुरस्कार स्वरूप ट्राॅफी, प्रशस्ति पत्र एवं दो करोड़ रूपये प्रदान किये गये। इस अवसर पर राज्य के कृषि मंत्री श्री प्रभुलाल सैनी एवं वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने शनिवार को नई दिल्ली के भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान के पूसा कैम्पस में आयोजित कृषि उन्नति मेला के उद्घाटन समारोह में यह पुरस्कार प्रदान किया। उन्होंने राज्य के दो किसानों जालोर के श्री भाखराराम एवं सवाई माधोपुर की श्रीमती रामप्यारी को सर्वश्रेष्ठ प्रगतिशील किसान का कृषि मंत्री कृषि कर्मण पुरस्कार भी प्रदान किया। सर्वश्रेष्ठ किसानों को पुरस्कार स्वरूप प्रशस्ति पत्र के साथ 2-2 लाख की राशि प्रदान की गई।

मुख्यमंत्री श्रीमती राजे ने पुरस्कार ग्रहण करने के बाद कहा कि इस पुरस्कार का सम्पूर्ण श्रेय राज्य के किसानों को जाता है, जिनकी कड़ी मेहनत एवं उन्नतशील सोच के फलस्वरूप राजस्थान ने कृषि उत्पादन में यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने किसान श्री भाखराराम और श्रीमती रामप्यारी को भी उनकी उपलब्धि के लिए बधाई दी।

कृषि मंत्री श्री प्रभुलाल सैनी ने बताया कि राजस्थान ने वर्ष 2014-15 के दौरान गेहूं उत्पादन में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 2961 किलो/प्रति हेक्टेयर उत्पादन के हिसाब से 33.18 लाख हेक्टेयर भूमि में 98.24 लाख टन गेहूं का उत्पादन किया, जो देश में सर्वश्रेष्ठ उत्पादन का कीर्तिमान है। श्री सैनी ने कहा कि 2014-15 की रबी के मौसम में जालोर जिले के चीतलवाना तहसील के पदारदी गांव के श्री भाखराराम ने 88.72 क्विंटल प्रति हैक्टेयर एवं सवाई माधोपुर के बामनवास गांव की श्रीमती रामप्यारी ने 59.20 क्विंटल प्रति हैक्टेयर के हिसाब से उत्पादन किया, जो राज्य के अन्य किसानों के लिए प्रेरणा स्रोत है।

नईदिल्ली/जयपुर, 19 मार्च 2016