मुंडे के निधन से राजस्थान को भी गहरा आघात पहुंचा

जयपुर, 3 जून। मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे ने केन्द्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री श्री गोपीनाथ मुंडे के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

श्रीमती राजे ने कहा कि स्व. मुंडे ने समाज के कमजोर, दलित एवं पिछडे़ वर्ग के कल्याण के लिए हमेशा आवाज उठाई। महाराष्ट्र में उन्होंने भाजपा संगठन को ग्रास रूट तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व. मुंडे राजस्थान भाजपा संगठन के प्रभारी रहे। उन्होंने राजस्थान में मेरे साथ काम किया, इसलिये मेरा और राजस्थान के सभी कार्यकर्ताओं के साथ उनका गहरा जुड़ाव था। उनके निधन से मेरे साथ-साथ राजस्थान के सभी भाजपा कार्यकर्ताओं को भी गहरा आघात पहुंचा है।

मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत की आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को यह वज्रपात सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।