प्रदेश के गौरवशाली इतिहास और संस्कृति को सहेजेंगे पैनोरमा

19 पैनोरमा एवं पर्यटक स्थलों के लोकार्पण-शिलान्यास

मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने कहा कि प्रदेशवासियों के मन में लोक देवी-देवताओं, संतों और महापुरूषों के प्रति गहरी आस्था है। हमने इसी भावना को ध्यान में रखते हुए प्रदेश के हर क्षेत्र में संतों और महापुरूषों के पैनोरमा के निर्माण करवाए हैं। उन्होंने कहा कि ये पैनोरमा प्रदेश के गौरवशाली इतिहास और संस्कृति को संरक्षित रखने और इसे हमारी आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का काम करेंगे।

श्रीमती राजे विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर गुरूवार को मुख्यमंत्री निवास पर प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर बने 16 पैनोरमा, पर्यटक स्थल एवं सुविधाओं के लोकार्पण तथा 3 पैनोरमा के शिलान्यास कार्यक्रम को सम्बोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार 150 करोड़ रूपये की लागत से 48 पैनोरमा बना रही है जिसमें से 44 पैनोरमा का निर्माण कार्य पूण हो चुका है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार 625 करोड़ रूपये की लागत से 125 मंदिरों का जीर्णोद्धार भी करवा रही है।

प्रदेशभर से बड़ी संख्या में आए विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों ने उनके क्षेत्रों में बनाए गए पैनोरमा और मंदिरों के जीर्णोद्धार के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर केन्द्रीय जल संसाधन राज्य मंत्री श्री अर्जुनराम मेघवाल, राजस्थान धरोहर संरक्षण एवं प्रोन्नति प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री ओंकारसिंह लखावत, राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष श्री जसबीर सिंह, संसदीय सचिव श्री कैलाश चौधरी, विधायक श्री मोहनलाल गुप्ता तथा गणमान्यजन उपस्थित थे।

इनका किया लोकार्पण

  1. गुरू जांभोजी पैनोरमा, पीपासर, नागौर
  2. वीर तेजाजी पैनोरमा, खरनाल, नागौर
  3. वीर हसनखां पैनोरमा, अलवर
  4. निम्बार्काचार्य पैनोरमा, सलेमाबाद, अजमेर
  5. पर्यटक विश्राम स्थल एवं पार्किंग, गोगामेड़ी
  6. धौलपुर पैनोरमा, धौलपुर
  7. वार मेमोरियल (शौर्य उद्यान), झुंझुनूं
  8. संत सुन्दरदास पैनोरमा, दौसा
  9. संत पीपाजी पैनोरमा, झालावाड़
  10. धन्ना भगत पैनोरमा, धुवांकलां, टोंक
  11. संत नागरीदास पैनोरमा, किशनगढ़
  12. हाड़ौती पैनोरमा, बारां
  13. कृष्णभक्त अलीबक्श पैनोरमा, मुंडावर, अलवर
  14. जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम संग्रहालय, मानगढ़, बांसवाड़ा
  15. मावजी महाराज पैनोरमा, बेणेश्वर, डूंगरपुर
  16. गुरू गोविंदसिंह पैनोरमा, नरैना, जयपुर

इनका किया शिलान्यास

  1. जसनाथजी पैनोरमा, कतरियासर, बीकानेर
  2. शबरी पैनोरमा, दूदी तलाई, रावतभाटा, चित्तौडगढ़
  3. श्री खेमा बाबा पैनोरमा, बायतु, बाड़मेर

जयपुर, 27 सितम्बर 2018