अगले चुनावों में तोड़ देंगे अब तक के सारे रिकॉर्ड

भाजपा चिंतन बैठक

मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने कहा कि राजस्थान में विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज करना ही हमारा लक्ष्य नहीं बल्कि ऐसा मुकाम हासिल करना है जो आज तक न कोई पार्टी हासिल कर पाई है और न ही कर पायेगी। हम इन चुनावों में अब तक के सारे रिकॉर्ड तोड़ देंगे।

श्रीमती राजे ने कहा कि राज्य सरकार ने विगत 3 वर्षों में प्रदेश में जितने विकास कार्य किये है। पिछली कांग्रेस सरकार ने अपने पूरे कार्यकाल में उसके आधे काम भी नहीं किए। उन्होंने कहा कि सरकार के इन विकास कार्यों को प्रचार-प्रसार के माध्यम से जनता के बीच लाने की जरूरत है ताकि उन्हें इसकी जानकारी मिल सके। श्रीमती राजे बुधवार को जयपुर जिले की शाहपुरा तहसील स्थित अलीला फोर्ट बिशनगढ़ में आयोजित भाजपा के दो दिवसीय चिंतन शिविर में सम्बोधित कर रही थीं।

प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी ने कहा कि अब चुनाव नजदीक है इसलिए सभी लोग तैयारियों में जुट जाएं क्यांकि हमारा लक्ष्य विधानसभा चुनाव में 180 सीटों से अधिक और लोकसभा चुनाव में सभी 25 सीटों पर जीत दर्ज करना है। जो टास्क मुख्यमंत्री जी ने दिया है उसे पूरा करना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संगठन के पदाधिकारी एक रोडमैप बनाएं और सरकार तथा संगठन ने प्रदेश के हित में जो उल्लेखनीय कार्य किए हैं उनकी जानकारी जनता तक लेकर जाएं। इससे पहले मुख्यमंत्री ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की तस्वीर के सामने दीप प्रज्ज्वलित कर चिंतन बैठक का शुभारम्भ किया।

बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री वी. सतीश, प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना, प्रदेश सह प्रभारी गोपाल शेट्टी, प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी, केन्द्रीय वित्त राज्य मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, केन्द्रीय खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सीआर चौधरी, विधानसभा उपाध्यक्ष राव राजेन्द्र सिंह, पंचायतीराज मंत्री राजेन्द्र राठौड़ सार्वजनिक निर्माण मंत्री युनूस खान, उच्च शिक्षा मंत्री श्रीमती किरण माहेश्वरी, नगरीय विकास मंत्री श्रीचंद कृपलानी, सहकारिता मंत्री अजय सिंह, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अरुण चतुर्वेदी, खान राज्यमंत्री सुरेन्द्र पाल टीटी, श्रम मंत्री जसवंत यादव, ऊर्जा राज्य मंत्री पुष्पेन्द्र राणावत उपस्थित थे।

इनके अलावा राज्यसभा सदस्य रामनारायण डूडी, रामकुमार वर्मा, सांसद दुष्यंत सिंह, ओम बिड़ला, देवजी पटेल, निहाल चंद मेघवाल सहित दिगम्बर सिंह, मदन लाल सैनी, चुन्नी लाल गरासिया, गोपाल पचेरवाल, जितेन्द्र सिंह जैसलमेर, प्रहलाद पंवार, मानसिंह गुर्जर, लक्ष्मीनारायण दवे, अर्जुन मीणा भी मौजूद थे। गुरुवार को होने वाले सत्रों में गृह मंत्री गुलाब चंद कटारिया तथा विधायक हरिसिंह रावत भी भाग लेंगे।

गुरुवार को भी होगा मंथन

दो दिवसीय चिंतन शिविर का पहला सत्र बुधवार को सुबह 11ः30 बजे से दोपहर 2 बजे तक, दूसरा सत्र 3 बजे से शाम 5 बजे तक तथा तीसरा सत्र शाम 6 बजे से 9 बजे तक चला। गुरुवार को भी सुबह 9 से 11 बजे तक तथा 11ः30 से दोपहर 1 बजे तक सत्र चलेंगे।

जयपुर, 10 मई 2017