मुख्यमंत्री ने किया लूणकरणसर में कृषि प्रदर्शनी का निरीक्षण
जयपुर, 3 अक्टूबर। मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने शुक्रवार को बीकानेर में लूणकरणसर स्थित कृषि विज्ञान केन्द्र परिसर में कृषि पर आधारित लगी प्रदर्शनी का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रदर्शित कृषि उत्पादों एवं उपकरणों के बारे में जानकारी ली तथा मौके पर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने स्वामी केशवानन्द राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय के प्रसार निदेशालय द्वारा तैयार बाजरे के उत्पादों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बाजरे के बिस्कुट, कुरकुरे तथा खाखरे सहित विभिन्न व्यंजनों का स्वाद लिया और इनकी मार्केटिंग करवाने के निर्देश दिए।
किसानों को सजावटी मछली पालन के लिए प्रेरित करें
मुख्यमंत्री ने कृषि प्रदर्शनी में कृषि अधिकारियों को निर्देश दिए कि फार्म पौण्ड (डिग्गी) में सजावटी मछलियों के पालन के लिए किसानों को प्रेरित किया जाए। उन्होंने किसानों को डिग्गी के पानी का सिंचाई के अलावा अन्य उपयोग करने के बारे में जानकारी देने के निर्देश दिए। उन्होंने कृषि एवं पशुपालन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री अशोक सम्पतराम से कहा कि इस बारे में पूरी प्लानिंग बनाकर, विभाग को निर्देशित किया जाए। मुख्यमंत्री को बताया गया कि फार्म पौण्ड (डिग्गी) में वर्षा जल संरक्षित होने से फसलों का उत्पादन व भूमि जल स्तर बढ़ने में मदद मिल रही है।
सौर ऊर्जा से संचालित बून्द-बून्द सिंचाई संयंत्र की सराहना
श्रीमती राजे ने प्रदर्शित उपकरणों पर अनुदान के बारे में अधिकारियों से फीडबैक लिया। उन्होंने राजस्थान पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय के कुलपति डाॅ. ए.के. गहलोत से विश्वविद्यालय द्वारा प्रदर्शित सामग्री के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय उष्ट्र अनुसंधान केन्द्र द्वारा ऊंट की खाल, कैश तथा दुग्ध से बने विभिन्न उत्पादों तथा काजरी द्वारा प्रदर्शित विभिन्न फसलों के बीजों के बारे में भी जानकारी हासिल की।
प्रदर्शनी में विभिन्न सरकारी विभागों तथा निजी कम्पनियों की करीब 71 स्टालें लगाई गई थीं। इसमें भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, अश्व अनुसंधान केन्द्र, कृषि विभाग, कृषि विपणन विभाग, राजस्थान ओलिव कल्टीवेशन लि., कृषि आदान विक्रेता, उर्वरक, बीज, पशुओं की दवा, कृषि यंत्र व उपकरण डीलर आदि ने किसानों के लिए बहुपयोगी सामग्री को प्रदर्शित किया।
इस अवसर पर कृषि मंत्री श्री प्रभुलाल सैनी, कृषि विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री अशोक सम्पतराम, आयुक्त कृषि विभाग श्री कुलदीप रांका सहित कृषि विभाग, कृषि विश्वविद्यालय, पशुपालन विभाग, पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय के अधिकारी उपस्थित थे।
