मुख्यमंत्री द्वारा बारां में बाढ़ प्रबंधन योजना की घोषणा

जयपुर, 26 फरवरी। मुख्यमंत्री श्रीमती वसंुधरा राजे ने बुधवार को बारां में 56 करोड़ रुपए की बाढ़ प्रबंधन योजना की घोषणा की। इस योजना से बारां शहर को बाढ़ की समस्या से राहत मिलेगी।

श्रीमती राजे ने इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कहा कि बारां शहर के नागरिक वर्षों से बाढ़ की समस्या से त्रस्त हैं। इस समस्या से वे भी हमेशा चिन्तित रही हैं। बाढ़ प्रबन्धन योजना से शहर के लोगों को राहत मिलेगी। इस दौरान श्रीमती राजे ने शहर वासियों से नालों को साफ रखने में सहयोग देने को भी कहा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डायवर्जन चैनल की बारां शहर वासियों की लम्बे समय से मांग रही है। इस कार्य को हमें एकजुट होकर पूरा करना है। उन्होंने इस दौरान जिला प्रशासन को भी बाढ़ प्रबंधन योजना का कार्य बेहतर तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में कृषि एवं पशुपालन मंत्री श्री प्रभुलाल सैनी, सांसद श्री दुष्यन्त सिंह, विधायक श्री प्रताप सिंह सिंघवी, श्री रामपाल मेघवाल, जल संसाधन विभाग के प्रमुख शासन सचिव एवं जिला कलक्टर श्री ललित कुमार गुप्ता भी उपस्थित थे।

कार्यक्रम से पहले श्रीमती राजे ने अग्निशमन कार्यालय के पास स्थापित महात्मा ज्योतिबा फूले की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया।

यह मिलेगा लाभ
बाढ प्रबंधन योजना से बारां शहर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में बाढ़ जल का नियंत्रण, बारां शहर के जल ग्रहण में स्थित 15 तालाबों में 108.29 मिलियन घन फीट जल क्षमता में वृद्धि, 15 तालाबों में जल की अतिरिक्त क्षमता वृद्धि से पशु पेयजल के लिए जल भी उपलबधता व सिंचाई द्वारा कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी।

ये होंगे कार्य
योजना के तहत बाणगंगा, पाठेडा एवं नलका नाला की बहाव क्षमता को बढ़ाने का कार्य, पोरेस्ट नाले की मेसनटी लाईनिंग का कार्य, नालों में स्थित पक्की संरचना का पुनरूद्धार का कार्य, नालों के जल ग्रहण क्षेत्र में स्थित पुराने 18 तलाबों की मरम्मत एवं क्षमता में वृद्धि के कार्य किए जाएंगे।

लोगों से मिली, भव्य स्वागत हुआ
बारां प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री कार्यक्रम स्थलों पर लोगों से मिली और उनसे बातचीत की। साथ ही कई लोगों के परिवाद भी सुने। यहां पहुंचने पर लोगों ने श्रीमती राजे का फूलमालाओं, हार और अतिशबाजी से स्वागत किया। मार्ग में जगह-जगह तोरणद्वार लगाए गए थे। जहां लोगों ने उनका भावभीना स्वागत किया।