सूरतगढ़ में सुपर क्रिटिकल प्रोजेक्ट यूनिट की धीमी गति पर सीएम ने जताई नाराजगी

प्रदेश के विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट में देरी बर्दाश्त नहीं – मुख्यमंत्री

जयपुर, 25 जून। मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत बुधवार को सूरतगढ़ सुपर क्रिटिकल थर्मल पाॅवर प्रोजेक्ट की निर्माणाधीन सातवीं व आठवीं ईकाईयों का निरीक्षण किया। श्रीमती राजे ने निर्धारित समय में प्रोजेक्ट पूरा नहीं करने पर भेल (भारत हैवी इलेक्ट्रीकल्स लि.) के अधिकारियों से नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के विकास की दृष्टि से इतने महत्त्वपूर्ण प्रोजेक्ट में देरी बर्दाश्त नहीं करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार के साथ भेल ने जो करार किया था उस तय समय में यह काम अभी तक पूरा नहीं किया गया है। राज्य सरकार ने तो इन इकाईयों की सारी जिम्मेदारी भेल को सौंप दी थी। भेल ने करार के अनुरूप निर्धारित समय पर काम न कर राज्य सरकार का विश्वास तोड़ा है।

श्रीमती राजे ने भेल के अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देश दिये कि वे नई समय सीमा निर्धारित कर यह काम पूरा करें अन्यथा अन्य कम्पनियों के प्रस्ताव पर भी राज्य सरकार विचार कर सकती है।

श्रमिकों को समय पर वेतन मिले
सूरतगढ़ सुपर क्रिटिकल थर्मल पाॅवर प्रोजेक्ट के निरीक्षण के दौरान कुछ श्रमिकों ने मुख्यमंत्री से शिकायत की कि उन्हें मई माह का वेतन नहीं मिला है। श्रीमती राजे ने वहां कार्य कर रही कम्पनी ’’पाॅवर मैक’’ के अधिकारियों से इसका कारण पूछा तथा श्रमिकों को समय पर वेतन की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।

स्थानीय मजदूरों को भी रोजगार मिले
प्रोजेक्ट के निरीक्षण के दौरान कुछ मजदूरों ने मुख्यमंत्री से कहा कि स्थानीय लोगों को रोजगार में प्राथमिकता नहीं दी जाती। इस पर मुख्यमंत्री ने संबंधित कम्पनी के अधिकारियों से कहा कि बाहरी लोगों के साथ-साथ स्थानीय मजदूरों को भी रोजगार दिया जाना चाहिये।