मुख्यमंत्री ले रही हैं मंत्रियों के दौरों का फीडबैक

जयपुर, 11 फरवरी। मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने मंगलवार को भरतपुर, करौली, सवाई माधोपुर और धौलपुर जिलों में मंत्रियों द्वारा किये जा रहे दौरों का फीडबैक लिया।

उन्होंने धौलपुर स्थित अपने आवास से साधारण कार्यकर्ताओं को फोन करके मंत्रियों के कार्यक्रमों की जानकारी ली। मंत्रियों का दौरा कैसा हो रहा है? जनता में इन दौरों का क्या असर है, मंत्री जनता से कैसा व्यवहार कर रहे हैं, वे गांवों में किस समय पहुंच रहे हैं और उनके काम करने का तरीका क्या है? इस बारे में मुख्यमंत्री श्रीमती राजे अपने स्तर पर कार्यकर्ताओं से फीडबैक ले रही है। मंत्रियों के दौरे पर मुख्यमंत्री की पूरी नजर है।

अधिकारी मंत्रियों के दौरों को लेकर किस तरह काम कर रहे हैं, अधिकारियों का काम करने का तरीका क्या है इसकी भी मुख्यमंत्री जानकारी ले रही है। मुख्यमंत्री कार्यालय से भी मंत्रियों और अधिकारियों के दौरों का फीडबैक लिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने किया धौलपुर शहर का दौरा
दिये समुचित विकास के निर्देश

मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने मंगलवार को धौलपुर सिटी का अचानक दौरा किया। जहां-जहां भी उन्होंने अव्यवस्थाएं देखी मौके पर ही उनके निवारण के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने शहर को सुंदर बनाने की आवश्यकता बताई। वे बड़ी फील्ड भी गईं, जहां उन्होंने कलेक्टर से मिनी स्टेडियम के लिए साढे़ तीन करोड़ रुपये के प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजने के निर्देश दिए। शहर के तीन पार्काें को मिलाकर एक बड़ा सुन्दर, आकर्षक पार्क बनाने के लिए उन्होंने डेढ़ करोड़ रुपये स्वीकृत किए। शहर भ्रमण के बाद उन्होंने कहा कि धौलपुर का समुचित विकास किया जायेगा।

मुख्यमंत्री शाम को अचानक धौलपुर शहर के भ्रमण पर निकली। सबसे पहले वे चैपड़ा मंदिर गई, जहां उन्होंने मंदिर के सौन्दर्यकरण के निर्देश दिए। उसके बाद वे पुरानी छावनी गई जहां उन्होंने पुराने महल और मंदिर की हालत को देखकर रोष जताया। उन्होंने यहां भी देवस्थान के अधिकारियों से बात कर सौन्दर्यकरण के निर्देश दिए। इसके बाद वे मुचकुण्ड सरोवर गई। वहां भी उन्होंने सौन्दर्यकरण के निर्देश दिए। छतरियाताल में उन्होंने नौका विहार के निर्देश दिए। इसके बाद मुख्यमंत्री मौनी बाबा की मजार पर गई। मुख्यमंत्री ने आरयूआईडीपी के कार्यो का भी अवलोकन किया। उनके साथ जिला कलक्टर श्री कुमार पाल गौतम भी थे

शहर भ्रमण के बाद मुख्यमंत्री ने मुख्य नगर नियोजक से बात की और शहर की आवश्यकताओं और सौन्दर्यकरण को लेकर निर्देश दिए। बुधवार को मुख्य नगर नियोजक धौलपुर अपनी टीम के साथ आयेंगे और शहर का दौरा करेंगे, जो सौन्दर्यकरण के साथ-साथ शहर की डेªनेज समस्या से निजात दिलाने के लिए भी प्लान बनायेंगे। वे यहां के एकीकृत विकास को लेकर भी योजना बनायेेंगे।