युवा मोर्चा से सफर शुरू कर इस मुकाम तक पहुंची

भाजयुमो प्रदेश कार्य समिति की बैठक

मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने कहा है कि कार्यकर्ता आसान रास्ते एवं शॉर्टकट के बजाए मेहनत के रास्ते पर चलें और लोगों का विश्वास जीतें। उन्होंने स्वयं भाजयुमो में काम करते हुए ही मुख्यमंत्री पद तक का सफर तय किया है। उन्होंने कहा कि जब हम 36 की 36 कौमों को साथ लेकर चलते हैं तो हमें उनके साथ परिवार जैसा रिश्ता बनाकर आगे बढ़ने के भरपूर अवसर मिलते हैं।

मुख्यमंत्री शुक्रवार को इन्द्रलोक सभागार में भारतीय जनता युवा मोर्चा प्रदेश कार्य समिति की पहली बैठक को सम्बोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी देशभक्ति सिखाने के साथ-साथ देश की अखण्डता बनाए रखने और संस्कृति को बचाए रखने की सीख देती है। उन्होंने कहा कि इन्हीं सिद्धांतों को अपनाते हुए हम सबने विकास के एजेंडे पर चलने का प्रण लिया है।

श्रीमती राजे ने कहा कि भाजपा में मेहनत करने वाले कार्यकर्ताओं के लिए अवसरों की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि सच्ची लगन से काम करते हुए हर कार्यकर्ता सरकार की उपलब्धियों को जनता के बीच ले जाएं और पार्टी को और मजबूती प्रदान करने में योगदान दें।

श्रीमती राजे ने स्वर्गीय प्रमोद महाजन को याद करते हुए अपने राजनीतिक जीवन में उनसे मिले मार्गदर्शन व सहयोग का जिक्र किया। श्रीमती राजे ने भाजयुमो राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद श्रीमती पूनम महाजन की सराहना करते हुए कहा कि वे अपने योग्य नेतृत्व और अनुभव से युवा मोर्चा को और आगे ले जाएंगी।

जयपुर, 14 जुलाई 2017