मुख्यमंत्री ने विश्व हिन्दू परिषद के दिवंगत संरक्षक स्व अशोक सिंघल के चित्रा के समक्ष पुष्प चढ़ाकर कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की

मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने शुक्रवार सायं नई दिल्ली में विश्व हिन्दू परिषद के आर.के. पुरम स्थित केन्द्रीय कार्यालय जाकर परिषद के दिवंगत संरक्षक श्री अशोक सिंघल के चित्रा के समक्ष पुष्प चढ़ाकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर विश्व हिन्दू परिषद के अन्तर्राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष डाॅ. प्रवीण तोगडि़या और अन्य पदाधिकारीगण भी मौजूद थे।

इस अवसर पर श्रीमती राजे ने कहा कि स्वर्गीय सिंघल की उनके परिवार विशेषकर स्वर्गीय राजमाता श्रीमती विजयाराजे सिंधिया के साथ आत्मीय संबंध थे। वे राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित व्यक्ति थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन समाज सेवा और भारतीय संस्कृति को जन-जन तक पहुंचाने के लिए समर्पित किया। वे एक सच्चे राष्ट्र भक्त और नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत थे। मैंने भी अपने बचपन से ही उनसे बहुत कुछ सीखा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व. अशोक सिंघल के निधन से देश ने एक प्रबुद्ध चिंतक और विचारक खो दिया है। उनका निधन अपूरणीय क्षति है। श्रीमती राजे ने परमपिता परमात्मा से दिवंगत की आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने के लिए प्रार्थना की।

इस मौके पर विश्व हिन्दू परिषद के वरिष्ठ पदाधिकारी ने श्रीमती राजे को स्वर्गीय श्री सिंघल के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर आधारित पुस्तक भेंट की।

नई दिल्ली/जयपुर, 27 नवम्बर 2015

cm paying tributes to late a-singhal
मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे शुक्रवार सायं नई दिल्ली स्थित विश्व हिन्दू परिषद केन्द्रीय कार्यालय में परिषद के दिवंगत संरक्षक स्व. अशोक सिंघल के चित्रा के समक्ष श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए।