धौलपुर उपचुनाव की जीत भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में भी छाई रही

धौलपुर उपचुनाव की जीत शनिवार से भुबनेश्वर में शुरू हुई भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में भी छाई रही। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह ने अपने संबोधन में मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे को देशभर में हुए उपचुनाव में धौलपुर सीट पर सर्वाधिक मत प्रतिशत से हुई भाजपा की रिकॉर्ड जीत के लिए बधाई दी।

भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में पहुंचीं श्रीमती राजे को इस शानदार जीत के लिए केन्द्रीय गृहमंत्री श्री राजनाथ िंसंह, केन्द्रीय वित्त मंत्री श्री अरुण जेटली, केन्द्रीय शहरी विकास मंत्री श्री वैंकैया नायडू, केन्द्रीय सड़क परिवहन मंत्री श्री नितिन गडकरी, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री रमन सिंह, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री श्री देवेन्द्र फडनवीस, सहित भाजपा कार्यकारिणी पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने बधाई दी। उल्लेखनीय है कि देशभर में हुए उपचुनाव में सर्वाधिक मत प्रतिशत के साथ सबसे बड़ी जीत धौलपुर में भाजपा की हुई है। राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री श्री अर्जुनराम मेघवाल, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री ओम माथुर, राष्ट्रीय महासचिव श्री भूपेन्द्र यादव एवं अन्य वरिष्ठ नेता भी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री का प्रवासी राजस्थानी सम्मेलन में जोरदार स्वागत

भुबनेश्वर के सेन्डीज टॉवर में शनिवार को आयोजित प्रवासी राजस्थानी सम्मेलन में मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे का जोरदार स्वागत किया गया।

प्रवासी राजस्थानियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान के लोग चाहे देश के किसी भी प्रदेश अथवा दुनिया के किसी भी कोने में जाएं, अपनी कार्य कुशलता और लगन से वहां के आर्थिक विकास में भागीदार बनते हैं। उन्होंने कहा कि देश की आर्थिक प्रगति में प्रवासी राजस्थानियों का बड़ा योगदान है। अपनी मेहनत के बल पर उन्होंने प्रदेश व देश का नाम रोशन किया है। श्रीमती राजे ने इस अवसर पर भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष स्व. श्री रामदास अग्रवाल को भी याद किया।

सम्मेलन में भुबनेश्वर मारवाड़ी समाज के अध्यक्ष श्री महेन्द्र गुप्ता एवं कटक जैन समाज के अध्यक्ष श्री मोहनलाल सिंह ने श्रीमती राजे का स्वागत किया। बड़ी संख्या में प्रवासी राजस्थानियों तथा हरियाणा के विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने श्रीमती राजे का फूल-मालाएं पहनाकर जोरदार स्वागत किया।

कार्यक्रम में केन्द्रीय श्रम मंत्री श्री बंडारू दत्तात्रेय, केन्द्रीय आदिवासी विकास मंत्री श्री जुएल ओराम, राज्य के गृहमंत्री श्री गुलाबचंद कटारिया, ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री श्री राजेन्द्र राठौड़, बारां-झालावाड़ के सांसद श्री दुष्यंत सिंह एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष श्री अशोक परनामी, भी उपस्थित थे।

इससे पहले शनिवार को भुबनेश्वर पहुंचीं मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे का बीजू पटनायक अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर स्थानीय भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया।

मुख्यमंत्री हवाई अड्डे से ओडिशा के पुरी में प्राचीन श्री जगन्नाथ मंदिर पहुंचीं और भगवान जगन्नाथ के दर्शन किए। श्रीमती राजे ने पुरी के निकट दक्षिण काली मंदिर, भुबनेश्वर में लिंगराज मंदिर तथा योगिनी मंदिर में भी दर्शन किए।

जयपुर/भुबनेश्वर, 15 अप्रैल 2017