मिलेगा प्रचंड बहुमत, बनायेंगे फिर से सरकार

बूंदी में आपका जिला, आपकी सरकार कार्यक्रम का पहला दिन

मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने पार्टी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों का आव्हान किया कि 2018 के विधानसभा चुनाव तथा 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को प्रचण्ड बहुमत मिलेगा और देश तथा प्रदेश में फिर से भाजपा की सरकार बनेगी। इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं को आज से ही कमर कसकर जुटना होगा।

श्रीमती राजे गुरुवार को बूंदी में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि वे ’आपका जिला आपकी सरकार कार्यक्रम’ के माध्यम से जिलों में जाकर स्थानीय लोगों के साथ-साथ पार्टी कार्यकर्ताओं से भी फीडबैक ले रही हैं ताकि जमीनी स्तर पर हो रहे विकास कार्यां की पड़ताल की जा सके।

उपलब्धियों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाएं

मुख्यमंत्री ने बूंदी जिले के मंडल अध्यक्षों से अपने-अपने मंडल से संबंधित फीडबैक लिया। इसके अलावा उन्होंने संबंधित मंडल क्षेत्र की समस्याओं के बारे में भी जानकारी ली और सरकार की योजनाओं, विकास कार्यां एवं उपलब्धियों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने के लिए कहा। उन्होंने मोर्चा के अध्यक्षों से भी प्रगति रिपोर्ट मांगी। इसके अलावा सांसद, विधायकों और प्रधानों से भी फीडबैक लिया।

नवमतदाताओं को पार्टी से जोड़ने पर करें फोकस

उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता बूथ स्तर पर प्रयास कर ज्यादा से ज्यादा नवमतदाताओं को पार्टी से जोड़ें। उन्होंने बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों से कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित संगठन है। संगठन रूपी शरीर में कार्यकर्ता प्राणवायु का काम करते हैं। इसलिए कार्यकर्ताओं की राय को महत्व दिया जाए। उनके सुझावों और सलाह को अमल में लाया जाए। उन्होंने कहा कि सभी जनप्रतिनिधि कार्यकर्ताओं का मनोबल बनाए रखें।

बैठक में ये थे मौजूद – जिले के प्रभारी मंत्री श्रीचंद कृपलानी, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री बाबूलाल वर्मा, सांसद ओम बिड़ला एवं सुभाष बहेड़िया, विधायक अशोक डोगरा, जन अभाव अभियोग निराकरण समिति के अध्यक्ष श्रीकृष्ण पाटीदार, सफाई आयोग के अध्यक्ष गोपाल पचेरवाल, जिलाध्यक्ष महिपत सिंह हाड़ा, पूर्व विधायक ओम प्रकाश शर्मा एवं प्रभुलाल करसोलिया, सभापति महावीर मोदी, बूंदी जिले के प्रभारी शंकरलाल ठाडा, जिला कोर कमेटी सदस्य, प्रधान, नगर निकायों के अध्यक्ष, दीर्घकालिक विस्तारक सहित पार्टी के प्रदेष कार्यसमिति सदस्य, मोर्चों के जिलाध्यक्ष, विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष एवं अन्य पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता।


जयपुर/बूंदी, 14 सितम्बर 2017