Chief Minister launches a new initiative for corruption complaints helpline

मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने पारदर्शिता और जनता के प्रति जवाबदेही का परिचय देते हुए रविवार को भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए एक नई पहल शुरू की है।

श्रीमती राजे के निर्देश पर भ्रष्टाचार की तुरन्त शिकायत के लिए टोल फ्री हैल्पलाइन सेवा शुरू की गई है, जिसके नंम्बर 1800-180-6127 हैं। इस टोल फ्री नम्बर पर कोई भी व्यक्ति किसी भी अधिकारी, किसी भी कर्मचारी या किसी भी व्यक्ति के खिलाफ वसूली और भ्रष्टाचार से सम्बन्धित शिकायत तुरन्त दर्ज करा सकता है। शिकायत पर राज्य सरकार तुरन्त कार्रवाई करेगी। यह शिकायत राज्य सरकार के पोर्टल ‘‘राजस्थान सम्पर्क’’ पर भी दर्ज की जायेगी, जिसके टोकन नम्बर शिकायतकर्ता को दिये जायेंगे।

मुख्यमंत्री ने रविवार को ही भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए एक प्रकरण में धौलपुर के परिवहन निरीक्षक रामवीर सिंह के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। परिवहन विभाग द्वारा जांच विचाराधीन रखते हुए उक्त अधिकारी को तुरन्त प्रभाव से एपीओ कर दिया गया है। उक्त परिवहन निरीक्षक का मुख्यालय प्रादेशिक परिवहन अधिकारी, बीकानेर किया गया है। परिवहन निरीक्षक रामवीर सिंह तथाकथित रूप से राज्य सरकार का नाम लेकर लोगों से वसूली कर रहा था।

मुख्यमंत्री को ज्यों ही इसकी जानकारी मिली उन्होंने तुरन्त रामवीर सिंह के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए, जिस पर परिवहन विभाग ने परिवहन निरीक्षक को एपीओ कर दिया है। राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जायेगा, चाहे उसमें किसी भी स्तर का कितना ही बड़ा व्यक्ति क्यों न लिप्त हो।

जयपुर, 8 मार्च 2015