मुख्यमंत्री की सहृदयताः रोड़वेज कर्मचारियों को भी मिलेगा बोनस

जयपुर, 22 अक्टूबर। मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम के कर्मचारियों को भी बोनस मिले और वो अपने परिवार के साथ खुशी के माहौल में दीपावली मना सके, इसके लिये 7 करोड़ रूपये का अतिरिक्त बजट आवंटित कर दिया है।

भारतीय मजदूर संघ के महामंत्री श्री राजबिहारी शर्मा के नेतृत्त्व में रोड़वेज के कर्मचारियों ने बुधवार को मुख्यमंत्री श्रीमती राजे से मुलाकात कर बताया कि राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम के दीपावली के अवसर पर कर्मचारियों को बोनस नहीं देने के निर्णय से कर्मचारी हतोत्साहित हो रहे हैंे। मुलाकात के दौरान सार्वजनिक निर्माण मंत्री श्री युनुस खान भी कर्मचारियों के साथ थे।

मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों के प्रति सहृदयता दिखाते हुए तुरन्त ही प्रमुख शासन सचिव वित्त से बात कर निगम के कर्मचारियों को दीपावली के शुभ अवसर पर बोनस देने के लिये 7 करोड़ रूपये का अतिरिक्त बजट आवंटित करने के निर्देश दिये। अब बजट आवंटित होने से निगम के कर्मचारियों को भी बोनस मिलेगा।