कांग्रेस के राज में 20 करोड़ से बढ़कर 70 करोड़ हो गये गरीब

पुष्कर/रतकुडि़या/जैसलमेर 7 अप्रेल। मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने सोमवार को प्रदेश में तीन विशाल जनसभाओं को सम्बोधित किया। ये जनसभाएं अजमेर से लोकसभा के भाजपा प्रत्याशी सांवरलाल जाट, पाली से पीपी चैधरी एवं बाड़मेर-जैसलमेर से कर्नल सोनाराम चैधरी के समर्थन में आयोजित की गई। रतकुडिया में राजे ने नरेन्द्र मोदी के साथ सभा की।

इन सभाओं में मुख्यमंत्री ने कहा कि पं. जवाहर लाल नेहरू देश के पहले प्रधानमंत्री बने। उस वक्त देश में करीब 20 करोड़ गरीब थे। तब नेहरू जी ने नारा दिया था गरीबी हटाओ। आज भी कांग्रेस का वही नारा चल रहा है। इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने भी इसी नारे का सहारा लिया। अभी हाल ही में राहुल गांधी ने ये कहा कि कांग्रेस 70 करोड़ गरीबों की पार्टी है। उन्होंने कहा कि राहुल के इस बयान से साफ हो गया है कि जैसे-जैसे देश में कांग्रेस की सरकार बनती गई, वैसे-वैसे देश में गरीबी बढ़ती गई। नेहरू जी के समय देश में गरीबों की संख्या 20 करोड़ थी, जो अब 70 करोड़ हो गई।

कांग्रेस घोषणाओं में तो माहिर पर काम में जीरो
श्रीमती राजे ने कहा कि कांग्रेस पार्टी केवल घोषणा करने में माहिर है, लेकिन काम करने में पूरी तरह जीरो है। पार्टी के नेता घोषणाओं को ही अपनी उपलब्धि मानते है, जबकि वास्तविक रूप में जमीन पर कुछ नही मिलता है। लोगों को गुमराह करना कांग्रेस की आदत है, जो छूट नही सकती। जनता अब इस हकीकत को समझ गई है।

मोदी के मंत्र पर सबको भरोसा
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के प्रधानमंत्री के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी विकास का मंत्र लेकर आगे बढ रहे है और उन्होंने 15 वर्ष के अल्पसमय में ही विकास की दृष्टि से गुजरात का नाम देश में ही नही अपितु विश्व में रोशन कर दिया है। वो देश एवं देशवासियों को भी नई दिशा देंगे, ऐसा सबको भरोसा हो गया है।

भाजपा ने कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाया
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान विधानसभा चुनाव में जिस तरह से प्रदेश की जनता ने अपना जादू दिखाकर देश में एक नया इतिहास रचा और भारतीय जनता पार्टी को भारी बहुमत दिया, इसे फिर दोहराते हुए लोकसभा चुनाव में भी जनता 25 की 25 सीटें नरेन्द्र मोदी की झोली में डालेगी। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने हमेशा कार्यकर्तायों को ही आगे बढ़ाया है। इसी कड़ी में इस बार पार्टी ने जमीन से जुड़े कार्यकर्ता नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री का उम्मीदवार बनाया है। मोदी के नए भारत के सपने को हम सभी को पूरा करना है।

पुष्कर व दरगाह में होगा विकास
श्रीमती राजे ने विश्वास दिलाया कि तीर्थराज पुष्कर एवं दरगाह विकास के कार्य जल्दी ही शुरू हो जायंेगे। उन्होंने कहा कि बूढा पुष्कर में शुरू करवाये गये कार्य जो पिछले पांच वर्षो में रूक गये थे वो भी तुरन्त शुरू होंगे। उन्होंने कहा कि सरकार ने समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीद शुरू कर दी है, प्रदेश में इस वर्ष 10 लाख मैट्रिक टन की बजाय 18 लाख मैट्रिक टन गेहू की खरीद होगी, 1400 रुपये समर्थन मूल्य के अतिरिक्त राज्य सरकार 150 रुपये प्रति क्विंटल बोनस देगी, इसके लिये 48 करोड़ रुपये स्वीकृत कर दिये है।