सरकार की पहली वर्षगांठ 13 दिसम्बर को 47 हजार कार्यकर्ताओं बूथ पालक का सम्मेलन होगा

29 नवम्बर, जयपुर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी की अध्यक्षता में प्रदेश कार्यालय में पार्टी के जिला अध्यक्षों, निकाय चुनाव के प्रभारियों, प्रदेश पदाधिकारियों व प्रभारी मंत्रियों की बैठक हुई। इस बैठक को प्रदेश की मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे, गृह मंत्री गुलाब चन्द कटारिया, प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी, चिकित्सा मंत्री राजेन्द्र सिंह राठौड ने सम्बोधित किया।

प्रदेश मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने कहा कि निकाय चुनाव में कार्यकर्ताओं ने इतिहास रचा है उससे हमें मजबूती मिली है इसके लिये सभी कार्यकर्ता व प्रदेश की जनता जिसने भाजपा पर विश्वास व्यक्त किया उनका धन्यवाद व आभार ज्ञापित किया।

राजे ने कहा कि सरकार की पहली वर्षगांठ के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी 47 हजार बूथ पालकों का सम्मेलन 13 दिसम्बर को जयपुर में करने जा रही है यह एक अच्छा विचार है इसके माध्यम से हम गांव गावं तक सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचा सकेंगे। राजे ने कहा कि हम 13 दिसम्बर के इस सम्मेलन के साथ पंचायती चुनाव का आगाज करेंगे। राजे ने सभी कार्यकर्ताओं को आव्हान किया कि सर्दियों में कोई व्यक्ति ठंड से ना मरे उन्हें पूरी सुविधा मिले उसके लिये पार्टी के कार्यकर्ता मात्र शहरों में ही नहीं अपितु प्रदेश के सभी स्थानों पर रैन बसेरे बनाने में, कम्बलों को बांटने में सहयोग करें व साथ ही ऐसी पुरानी बसें जो उपयोगी ना हो को रैन बसेरों में बदलें।

राजे ने आव्हान किया कि शहरों में स्वच्छता अभियान चलाया जाये इस अभियान की चर्चा गांवों तक पहुंचे और गांव में ऐसे अभियान चलाने की प्रेरणा पैदा हो, इस प्रकार से इस कार्य को हाथ में लें।

प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी ने सम्बोधित करते हुये कहा कि आप सब कार्यकर्ताओं ने प्रत्याशियों का चयन करने, उन्हें चुनाव लडाने, उन्हें विजयी बनाने, सभापति उप सभापति, महापौर, उप महापौर बनाने में जिस प्रकार से काम किया है वह सराहनीय है। आपके इस प्रकार के काम से प्रदेश में पूरी पार्टी एक मुखी होकर चुनाव में लगी कही कोई असंतोष पैदा नहीं हुआ और पार्टी ने एक इतिहास बनाया आज तक 33 निकायों में किसी पार्टी बोर्ड नहीं बने हम 46 में से 40 बोर्ड बनाने में सफलता प्राप्त की है। परनामी ने कहा कि हमने पंचायती राज चुनाव की तैयारी निकाय चुनाव की तर्ज पर प्रारम्भ कर दी है। प्रत्येक जिले में मण्डल व जिला स्तरीय समितियां बनाई जायेगी जो प्रत्याशियों का चयन करेगी। जिला स्तरीय समिति में जिले का अध्यक्ष, सांसद, जिले के दो वरिष्ठ कार्यकर्ता जिन्हें प्रदेश नामजद करेगा, प्रभारी मंत्री, संगठन का जिला प्रभारी इस समिति में होंगे। मण्डल स्तरीय समिति में मण्डल अध्यक्ष, विधायक, जिले द्वारा नामजद प्रभारी, प्रदेश द्वारा नामजद दो स्थानीय कार्यकर्ता सदस्य होंगे।

गृह मंत्री व वरिष्ठ नेता गुलाब चन्द कटारिया ने सम्बोधित करते हुये कहा कि हमने निकायों के चुनाव में स्वच्छ छवि के कार्यकर्ताओं को आगे लाये है। इस प्रकार पंचायती राज चुनाव में अच्छी छवि वाले कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाना चाहिये। पंचायती चुनाव हमारे रीढ की हड्डी का काम करेंगे और कड़ी हमारी मजबूत तभी होगी जब हम आज से ही अच्छे ईमानदार और समर्पित स्वच्छ छवि के कार्यकर्ताओं को आगे लाने के काम में लग जाये। आज गांवों में विकास के लिये भारी भरकम बजट सरपंच, प्रधान और जिला प्रमुख आदि द्वारा खर्च किया जाता है। कटारिया ने कहा कि आज देश में प्रधानमंत्री जी के प्रति और प्रदेश में मुख्यमंत्री के प्रति जनता का विश्वास बढ़ा है उसी कड़ी में निकायों में नियुक्त होने वाले प्रमुखों के चयन से जनता में अच्छा संदेश गया है। अब पंचायती राज और सहकारी समितियों के चुनाव में भी अच्छे लोगों का चयन हो जाये तो हम अपने सपनों का भारत बनाने की ओर अग्रसर हो जायेंगे।

कटारिया ने उन सभी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद ज्ञापित किया जिन्होंने संगठन के कहने पर दूर दराज के इलाकों में अपने घर परिवार को छोड़ कार्य किया है और इसी प्रकार पंचायती राज व सहकारी राज चुनाव में भी जुट जायेंगे।

चिकित्सा मंत्री राजेन्द्र सिंह राठौड़ ने सरकार की पहली वर्षगांठ के होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी। प्रदेश व जिला स्तर पर प्रर्दशनियों का आयोजन किया जायेगा। 12 दिसम्बर को सायंकाल संगीत संध्या होगी व 13 दिसम्बर को पार्टी की ओर से बूथ स्तर तक के कार्यकर्ता सम्मेलन होगा इस सम्मेलन में भाग लेने वाले कार्यकर्ताओं के नाम प्रदेश मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे के हस्ताक्षरित निमंत्रण पत्र भेजे जायेंगे और साथ ही उन कार्यकर्ताओं के बैज व एक वर्ष की उपलब्धियों का साहित्य भी दिया जायेगा। राठौड़ ने यह जानकारी दी कि एक वर्ष में विकास के क्या क्या काम हुये है इसका साहित्य भी तैयार किया जायेगा जो बूथ स्तर पर पहुंचाया जायेगा।

प्रदेश महामंत्री नारायण पंचारिया ने सदस्यता अभियान की जानकारी देते हुये बताया अब तक भाजपा के 6 लाख 3 हजार 778 सदस्य प्रदेश में बने है। 50 लाख के सदस्य बनाने के लिये मण्डल स्तर संयोजक नियुक्त कर दिये है और जल्दी यह लक्ष्य प्राप्त करेंगे।
इस बैठक में पार्टी कार्यलय के वरिष्ठ कर्मचारी श्री नवीन कौशिक के असामयिक निधन पर मौन रखकर शौक व्यक्त किया गया।
इस बैठक संचालन प्रदेश महामंत्री कुलदीप धनकड़ ने किया।