मुख्यमंत्री ने मिशन मंगल की ऐतिहासिक कामयाबी पर वैज्ञानिकों को दी बधाई

जयपुर, 24 सितम्बर। मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे ने भारत का मंगल मिशन पहले ही प्रयास में कामयाब होने पर मिशन से जुडे़ इसरो के वैज्ञानिकों एवं अन्य सदस्यों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

श्रीमती राजे ने अपने संदेश में कहा है कि जो काम दुनिया का कोई देश पहले प्रयास में नहीं कर सका, उसे भारतीय वैज्ञानिकों ने अपनी असाधारण प्रतिभा के बल पर कर दिखाया। उन्होंने कहा कि भारतीय वैज्ञानिकों ने यह अद्वितीय एवं ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल कर अंतरिक्ष क्षेत्र में देश के नाम एक स्वर्णिम अध्याय जोड़ दिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बहुत कम समय में इस मिशन की कामयाबी ने भारत को विज्ञान के क्षेत्र में अव्वल बना दिया है। आज पूरा विश्व भारत की ओर देख रहा है। यह पूरे देश्वासियों के लिए गौरव की बात है।
——