मुख्यमंत्री की नवरात्रि पर शुभकामनाएं

महिला सशक्तीकरण और किसानों की खुशहाली का संदेश देती है नवरात्रि
जयपुर, 24 सितम्बर। मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने नवरात्रि स्थापना के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

अपने शुभकामना संदेश में श्रीमती राजे ने कहा कि भारतीय संस्कृति में सदा ही मातृशक्ति का सम्मान करने की गौरवमयी परम्परा है। नवरात्रि का पर्व इसी मातृशक्ति की आराधना की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि हमें आज के दिन महिला सशक्तीकरण करने और कन्या भ्रूण हत्या रोकने का संकल्प लेकर राज्य से लिंग भेद समाप्त करने के प्रयास करने होंगे। महिलाओं की घटती संख्या से समाज में कई तरह की विसंगतियां पैदा हो रही हैं।

श्रीमती राजे ने कहा कि भारत कृषि प्रधान देश है अतः इसकी खुशहाली और प्रगति के सूत्र फसल के उत्पादन और विपणन के साथ जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि नई फसल के आगमन के साथ शारदीय नवरात्रा का यह लोक महोत्सव हमें परिश्रम के माध्यम से राज्य को खुशहाल बनाकर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ने का संदेश देता है।