मुख्यमंत्री का निकाय चुनाव में शांतिपूर्ण मतदान के लिए आभार

जयपुर 22, नवम्बर। मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने प्रदेश के 46 नगर निकायों के लिए शनिवार को हुए शांतिपूर्ण मतदान के लिए क्षेत्र की जनता, चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया है।

श्रीमती राजे ने निकायों के चुनाव में हुए भारी मतदान के लिए जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मतदाताओं ने लोकतंत्र के इस महायज्ञ में बढ़-चढ़ कर अपनी महती भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी मतदाताओं को अपने मताधिकार का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया जो सराहनीय है। मतदान के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनी रही तथा सभी मतदाताओं ने निर्भिक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया इसके लिए मुख्यमंत्री सभी प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों तथा मतदानकर्मियों को भी धन्यवाद दिया।