मुख्यमंत्री ने किया कृषि विज्ञान केन्द्र का अवलोकन

प्रतापगढ़/जयपुर, 21 अगस्त। मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे ने गुरूवार को सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत प्रतापगढ़ में कृषि विज्ञान केन्द्र, बसाड़ फार्म का अवलोकन कर इसकी गतिविधियों की जानकारी ली। श्रीमती राजे ने यहां फल, सब्जी, वर्मी कम्पोस्ट तथा पशुपालन के संबंध में वैज्ञानिकों द्वारा किये जा रहे कार्यों का गहनता से निरीक्षण किया और उनसे बातचीत की।

मुख्यमंत्री ने ग्रीन नेट हाउस में ताइवान पपीता की तैयार की जा रही रेड लेडी व डोरेडा हैज किस्मों को देखा। उन्होंने केन्द्र पर प्रतापधन नामक हाइब्रिड मुर्गी को भी देखा। यह मुर्गी छः माह में ही बड़ी हो जाती है तथा इसे बीमारियां भी कम लगती है।
श्रीमती राजे ने केन्द्र की आजोला इकाई में तैयार की जा रही घास को देखा जिससे गाय, बकरी, भैंस में दूध उत्पादन में वृद्धि होती है। उन्होंने इस घास के जयपुर एवं राज्य के दूसरे स्थानों पर उपयोग की सम्भावनाएं तलाशने के निर्देश दिये। उन्होंने इस केन्द्र पर तैयार की जा रही वर्मी कम्पोस्ट की इकाई का भी निरीक्षण किया, इसमें डेढ़ माह में वर्मी कम्पोस्ट तैयार हो जाता है।
मुख्यमंत्री को कृषि विज्ञान केन्द्र की डाॅ. प्रकाश पंवार ने केन्द्र में किये जा रहे अनुसंधान कार्यों एवं नवाचारों की जानकारी दी। श्रीमती राजे ने कहा कि केन्द्र पर कृषि कार्यों के लिये महिलाओं को भी विशेष प्रशिक्षण दिया जाये ताकि वे आत्मनिर्भर हो सके।

प्रतापगढ़ में हुआ जगह जगह स्वागत
मुख्यमंत्री का प्रतापगढ़ जिला मुख्यालय पर गांधी चैराहे सहित अन्य स्थानों पर लोगों ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया। श्रीमती राजे का विभिन्न समाजों, स्वयंसेवी संगठनों के अलावा बड़ी संख्या में महिलाओं एवं युवाओं ने भावभीना स्वागत कर अपनी भावनाओं का इजहार किया। मुख्यमंत्री का नगरपालिका प्रतापगढ़ की ओर से भी स्वागत हुआ।