भाजपा ’सबका साथ, सबका विकास’ की भावना से देश को विकास की बुलंदियों तक ले जायेगी

तारानगर (चूरू), 11 अप्रेल। मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे ने कहा है कि भाजपा नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ’सबका साथ, सबका विकास’ की भावना के साथ काम कर देश को विकास की बुलंदियों तक ले जायेगी। उन्होंने कहा कि मोदी जानते हैं कि गरीब की जरूरतें क्या है, उनके दुख-दर्द और तकलीफों को कैसे दूर किया जाये। गुजरात में उन्होंने अपने काम से यह साबित कर दिया है।

श्रीमती राजे शुक्रवार को तारानगर में चूरू लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी राहुल कस्वां के पक्ष में आयोजित विशाल जनसभा को सम्बोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि भाजपा का एक मात्र दर्शन और धर्म है, ’सबसे पहले भारत’, एक मात्र धर्म ग्रंथ है, ’भारत का संविधान’, एक मात्र शक्ति है ’जनशक्ति’ और एक मात्र प्रार्थना है, ’जनता की भलाई’। हम इसी धारणा और भावना से नया हिन्दुस्तान बनाने का काम करेंगे।

कांग्रेस ने 60 वर्ष में लोगों को लड़ाने का काम किया
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने अपने 60 वर्ष के शासन के दौरान विकास की बजाय लोगों को जात-पात और धर्म में बांटकर आपस में लड़ाने का ही काम किया है। जाति एवं मजहब की आपसी लड़ाई से कभी विकास नहीं हो सकता, विकास होता है तो सबका होता है या फिर किसी का नहीं होता है।

रोजगार कार्यालयों का रोजगार केन्द्र के रूप में विकास
श्रीमती राजे ने कहा कि केन्द्र में भाजपा की सरकार बनने पर युवाओं के लिए ग्रामीण और अर्द्धशहरी क्षेत्रों में आईटी आधारित रोजगार के अवसर सृजित होंगे। इसके लिए रोजगार कार्यालयों को रोजगार केन्द्रों के रूप में बदला जायेगा। देश के 100 अति पिछडे़ जिलों की पहचान कर उन्हें विकसित जिलों के समकक्ष लाया जायेगा। गांवों में विकास को प्रोत्साहन देने के लिए अच्छा काम करने वाली पंचायतों को अतिरिक्त विकास अनुदान जैसे पुरस्कार दिये जायेंगे। इसके अलावा किसानों की समृद्धि व खुशहाली के लिए देश में दलहन, तिलहन और खाद्यान्न के उत्पादन को बढ़ावा देते हुए उनके भण्डारण की पुख्ता व्यवस्था की जायेगी।

जनता फिर रचेगी इतिहास
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि लोकसभा चुनाव में भी प्रदेश की जनता सभी 25 सीटों पर भाजपा को जिताकर विधानसभा चुनाव की तरह फिर इतिहास कायम करेगी। उन्होंने कहा कि जनता में भाजपा और नरेन्द्र मोदी की जबर्दस्त लहर चल रही है। उन्होंने कहा कि गहलोत कह रहे हैं कि उन्हें समझ में नहीं आ रहा कि विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को वोट क्यों नहीं मिले? जो सरकार साढे़ चार साल तक सोती रही, जिसने लोगों की परवाह नहीं की, जिन्होंने राजस्थान को पिछडे़पन के गढ्डे में धकेल दिया, जनता उनका यही हाल करती है। यह सबको समझ में आ जाना चाहिए।

महानरेगा की बकाया राशि का भुगतान शीघ्र
श्रीमती राजे ने कहा कि महानरेगा योजना के अन्तर्गत 31 मार्च तक की बकाया राशि का भुगतान 20 अप्रेल तक कर दिया जायेगा। केन्द्र सरकार द्वारा राशि देरी से भेजने के कारण इसके भुगतान में विलम्ब हुआ है। उन्होंने कहा कि पेंशन योजना को बंद नहीं किया जायेगा, बल्कि इसकी समीक्षा कर जो वास्तविक हकदार छूट गये हैं, उन्हें जोड़ा जा रहा है। सभा को मंत्री राजेन्द्र राठौड़ ने भी सम्बोधित किया।