मिशन 25 होगा कामयाब

जयपुर 10 मई। मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने कहा कि उनका ‘‘मिशन 25’’ निश्चित रूप से कामयाब होगा। लोकसभा चुनावों में भाजपा प्रदेश में 25 की 25 सीटें जीतेगी और राजस्थान में भाजपा के पक्ष में जो चुनावी नतीजे आयेंगे वह देश में मिसाल बनेंगे। श्रीमती राजे प्रदेश भाजपा कार्यालय में शनिवार को आयोजित फीडबैक कार्यक्रम में सांसद प्रत्याशी, संसदीय क्षेत्र प्रभारी, सहप्रभारी, विशेष समन्वयक, चुनाव अभिकर्ता, चुनाव प्रबन्ध समिति एवं जिलाध्यक्षों की संयुक्त बैठक को सम्बोधित कर रही थी।

नजीर बनेगा चुनाव अभियान
श्रीमती राजे ने कहा कि राजस्थान में भाजपा पिछले एक साल से चुनाव अभियान में जुटी हुई है। पहले सुराज संकल्प यात्रा, उसके बाद विधानसभा चुनाव और अब लोकसभा चुनाव यानि पूरे एक साल से हमारे कार्यकर्ता प्राण-पण से घर-घर कमल खिलाने में जुटे हुए है। जिस तरीके से राजस्थान में हमने चुनाव लड़ा वह देश में भाजपा के लिए नजीर बनेगा। हमारा यह अभियान लोकसभा चुनाव के साथ ही खत्म नहीं होगा। इसे हम जन सेवा के लिए पूरे पाँच साल चलायेंगे।

अब आप सरकार में है
श्रीमती राजे ने कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि अब आप विपक्ष में नहीं सरकार में हो। आपकी जायज बात सुनने के लिये सरकार बैठी है। इसलिए प्रदर्शन करने या सड़क पर उतरने की अब आप लोगों को आवश्यकता नहीं है। कार्यकर्ता और प्रदेश की जनता के लिए सरकार के दरवाजे 24 घण्टे खुले है। आयें, बात करें, समस्या का समाधान बातचीत से ही होगा।

आचार संहिता खत्म नहीं हुई है
उन्होंने कहा कि भले ही राजस्थान में लोकसभा के चुनाव सम्पन्न हो गये है, लेकिन यहाँ पूरी तरह से आचार संहिता खत्म नहीं हुई है। लोगों की अपेक्षाऐं है कि सरकार बनते ही काम होंगे। जनता की अपेक्षाओं पर हमारी सरकार खरा उतरेगी।

पर्दे के पीछे रहने वाले कार्यकर्ताओं का आभार
मुख्यमंत्री ने कहा कि जो टीम चुनाव में सामने होती है उसे लोग जानते है। उस टीम के फोटो भी अखबारों में छपते है, उस टीम को सभी पहचानते भी है। लेकिन भाजपा में जो सबसे बड़ी टीम है, वह पर्दे के पीछे काम करने वालों की है। उन्होंने विधानसभा और लोकसभा चुनाव में जी-जान से जुटी इस टीम का आभार जताया।

भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष औंकार सिंह लखावत ने लोकसभा चुनाव फीडबैक कार्यक्रम का मंच संचालन करते हुए बताया कि राजस्थान के प्रभारी श्री कप्तान सिंह सोलंकी ने प्रदेश के भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा संगठित होकर चुनाव विजय के लिए जो कार्य किया उसको अनुकरणीय बताया। आपने आशा व्यक्त की कि जिस प्रकार विधानसभा चुनावों में भाजपा के पक्ष में परिणाम आया, उसी प्रकार लोकसभा में भी विजयश्री प्राप्त होगी। आपने श्रीमती वसुन्धरा राजे के कुशल नेतृत्व एवं कार्यक्षमता की सराहना करते हुए कहा कि इन्होंने राज्य की जनता का भरपूर विश्वास अर्जित किया है।

भाजपा के राष्ट्रीय सचिव श्री भूपेन्द्र यादव ने मतदान केन्द्र से लेकर सभी स्तर की इकाईयों के समन्वय से चुनाव लड़ना और जनता से निरन्तर सम्पर्क रखने को चुनाव विजय का मुख्य कारण बताया।

श्री यादव ने आशा व्यक्त की कि राजस्थान की जनता द्वारा भाजपा को लोकसभा चुनाव में दिये गये व्यापक जनसमर्थन के आधार पर सभी लोकसभा सीटों पर विजय मिलने के आशा व्यक्त की।

भाजपा चुनाव प्रकोष्ठ के संयोजक श्री योगेन्द्र सिंह तँवर ने मतपत्र गणना के नियमों एवं प्रणाली पर प्रकाश डाला।

लेखा एवं विŸा प्रकोष्ठ के संयोजक श्री राजेश मंगल ने समय पर लोकसभा प्रत्याशियों द्वारा चुनाव आयोग को अपना चुनावी लेखा-जोखा प्रस्तुत करने का आग्रह किया।

भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डाॅ. दिगम्बर सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए श्रीमती वसुन्धरा राजे के कुशल नेतृत्व की सराहना की।

भारतीय जनता पार्टी ने संसदीय क्षेत्र चुनाव प्रभारियों एवं जिलाध्यक्षों से 20 मई तक संसदीय क्षेत्र का लिखित में चुनावी प्रतिवेदन प्रदेश कार्यालय में भिजवाने का निर्देश दिया है। इसके पश्चात् पार्टी एक बैठक आयोजित कर उन पर विचार करेगी।

राजे ने लिया प्रत्याशियों से फीडबैक
लोकसभा प्रत्याशियों से मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे, प्रदेश प्रभारी कप्तान सिंह सोलंकी, राष्ट्रीय सचिव भूपेन्द्र यादव ने फीडबैक लिया। भाजपा प्रदेश कार्यालय में सभी प्रत्याशियों से अलग-अलग बातचीत कर उनसे जानकारी ली और सम्बन्धित सीट का पूरा फीडबैक लिया।