जनता ने लगाई एक वर्ष के सुशासन पर मुहर

मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने पंचायतीराज चुनाव में भाजपा को मिली ऐतिहासिक विजय के लिए प्रदेश की जनता, भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और पार्टी के सभी जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने इसे पार्टी कार्यकर्ताओं की जीत बताते हुए कहा है कि प्रदेश की जनता ने भाजपा सरकार के एक वर्ष के सुशासन पर अपनी मुहर लगाई है।

श्रीमती राजे ने कहा कि विधानसभा, लोकसभा और स्थानीय निकाय चुनाव के बाद अब पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव में भी प्रदेश की जनता ने भाजपा को अभूतपूर्व समर्थन देकर यह स्पष्ट कर दिया है कि राज्य में भाजपा सरकार ने सुराज संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण काम किए हैं।

उन्होंने कहा कि इन चुनावी नतीजों ने यह भी बता दिया है कि उनकी सरकार ने 36 की 36 कौमों और हर वर्ग के विकास का लक्ष्य लेकर प्रदेश की जनता के जीवन को बेहतर बनाने का प्रयास किया है। यह जीत उसी का परिणाम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की जनता ने भाजपा को इन चुनावों में रिकाॅर्ड जीत दिलाकर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के कांग्रेस मुक्त भारत के सपने को साकार करने का संकल्प दिखाया है।

श्रीमती राजे ने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया है कि वे जनता की अपेक्षा पर खरा उतरेंगे और प्रदेश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभायेंगे।

जयपुर, 7 फरवरी 2015