विकास दूत बनकर जनता के बीच जाएं विस्तारक

पं. दीनदयाल उपाध्याय कार्य विस्तारक कार्यशाला

मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने कहा है कि पार्टी के विस्तारक सरकार के अच्छे कार्यों का दूत बनकर लोगों के बीच जाएं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र और राज्य सरकार ने जनहित में जो कार्य किए हैं उन्हें लोगों के सामने लेकर आएं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने विकास के कई कीर्तिमान हासिल किए हैं। इनकी जानकारी जनता तक पहुंचाने में विस्तारक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।

श्रीमती राजे गुरुवार को जामडोली स्थित हैवा हैवन्स रिसोर्ट में पंडित दीन दयाल उपाध्याय कार्य विस्तारकों की दो दिवसीय कार्यशाला को सम्बोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि विस्तारक अपने-अपने क्षेत्र में लोगों के बीच जाकर प्रवास करें ताकि पार्टी और जनता के बीच ऐसा स्थायी सम्पर्क बने जो भाजपा को हमेशा मजबूत बनाए रखे। उन्होंने कहा कि घर-परिवार की जिम्मेदारियों के बावजूद पार्टी के लिए अपना समय देना एक बड़ी चुनौती है। विस्तारकों ने यह चुनौती स्वीकार कर यह स्पष्ट कर दिया है कि वे पार्टी को अपना परिवार मानते हैं।

धौलपुर में हुआ सफल प्रयोग

मुख्यमंत्री ने कहा कि धौलपुर में हमने विस्तारक की इस अवधारणा का प्रयोग किया जिसके ऐतिहासिक परिणाम सबके सामने हैं। उन्होंने कहा कि विस्तारक पार्टी के पुराने कार्यकर्ताओं से जुड़ाव बनाएं रखें और पार्टी को हमेशा एकजुट रखने का काम करें, यही इस कार्यक्रम का पहला लक्ष्य है।

जन-जन तक पहुंचाएं विकास कार्यों की जानकारी

श्रीमती राजे ने कहा कि विस्तारक पार्टी की विचारधारा को घर-घर और जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही सरकार की योजनाओं, नीतियों, विकास कार्यों एवं उपलब्धियों का भी प्रचार-प्रसार करें ताकि लोगों तक विकास कार्यों की वास्तविक जानकारी पहुंच सके। उन्होंने कहा कि इसके लिए सभी विस्तारक सरकारी योजनाओं और कार्यक्रमों की पूरी जानकारी रखें।

कार्यकर्ता ने हमेशा दिया सकारात्मक ’सरप्राइज’

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता अपनी मेहनत के बल पर हमेशा सकारात्मक ’सरप्राइज’ देता है। पंचायत से लेकर लोकसभा तक हर चुनाव में कार्यकर्ता ने ऐतिहासिक जीत दिलाकर ऐसा ही सरप्राइज दिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले चुनावों में भी भाजपा भारी जनमत के साथ ऐसे ही चौंकाने वाले परिणाम देगी।

राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री विनय सहस्रबुद्धे ने कार्यशाला को सम्बोधित करते हुए कहा कि विस्तारक सुशासन के प्रवक्ता के रूप में कार्य करें। राष्ट्रीय संगठन महामंत्री श्री रामलाल ने एकात्म मानव दर्शन पर उद्बोधन दिया।

इससे पहले प्रदेशाध्यक्ष श्री अशोक परनामी ने कार्यक्रम की रूपरेखा के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह के नेतृत्व में पार्टी शिखर तक पहुंची है। उन्होंने कहा कि आगे भी पार्टी को ऐसे ही मजबूत रखने के लिए हमें लगातार काम करना होगा। उन्होंने कहा कि विस्तारक का पार्टी में महत्वपूर्ण स्थान होगा।

कार्यक्रम का संचालन राजस्थान धरोहर संरक्षण एवं प्रोन्नति प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री ओंकार सिंह लखावत ने किया। इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।

जयपुर, 27 अप्रैल 2017