राज्य सभा चुनाव में जीत तो ट्रेलर है,आगे स्वीप करेंगे

श्रीमती वसुन्धरा राजे ने कहा है कि राज्य सभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के चारों प्रत्याशियों की जीत तो एक ‘ट्रेलर’ है, पार्टी कार्यकर्ता और राज्य की जनता आने वाले समय में अन्य चुनावों में भी इसी तरह की विजय हासिल करेंगे। उन्होंने केन्द्रीय शहरी विकास मंत्री श्री एम. वैंकेया नायडू, श्री ओम प्रकाश माथुर, श्री हर्षवर्धन सिंह तथा श्री राजकुमार वर्मा को उनकी जीत पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

श्रीमती राजे शनिवार को राज्य सभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद भाजपा मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को सम्बोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि जनता आने वाले चुनावों में भी ‘स्वीप’ करके दिखा देगी। उन्होंने कहा कि पार्टी के विधायकों ने भाजपा को जो विजय दिलाई है, वह पूरी टीम राजस्थान के बिना संभव नहीं हो सकती।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब केन्द्रीय मंत्री श्री नायडू भी राजस्थान परिवार के सदस्य हो गये हैं। हमें इनसे राजस्थान के विकास का बहुत सारा काम करवाना है। उन्होंने कहा कि श्री माथुर, श्री सिंह और श्री वर्मा तो प्रदेश के अपने हैं और अब हम सब मिलकर इसे तरक्की के रास्ते पर ले जायेंगे।

श्रीमती राजे ने इस अवसर पर चुनाव के लिए पार्टी की ओर से आॅब्जर्वर के रूप में आये केन्द्रीय ऊर्जा मंत्री श्री पीयूष गोयल का भी अभिनन्दन किया। उन्होंने कहा कि श्री गोयल ने इस जीत में अपनी भूमिका निभाने के दौरान केन्द्र सरकार से राजस्थान के विकास में मदद दिलाने की जिम्मेदारी भी ली है।

केन्द्रीय शहरी विकास मंत्री श्री नायडू ने अपने सम्बोधन में अपनी तथा पार्टी के अन्य सभी प्रत्याशियों की विजय पर मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि श्रीमती राजे न केवल कड़ी मेहनत करती हैं, बल्कि बहुत अच्छी टीम भी लीडर हैं। उन्होंने कहा कि इनके टीम वर्क के कारण राजस्थान लगातार आगे बढ़ रहा है तथा आने वाले समय में और तरक्की करेगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर राजस्थान से सम्बन्धित जो भी मांग या काम हमें बताया जायेगा, हम उसे बखूबी पूरा करेंगे और प्रदेश को आगे बढ़ायेंगे।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री अशोक परनामी ने भी कार्यकर्ताओं को सम्बोधित किया। इस अवसर पर मंत्रिमण्डल के सदस्य, सांसद, विधायक, पार्टी पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

जयपुर,11 जून 2016