ग्लोबल डिप्लोमेसी में केन्द्र बिन्दु के रूप में उभरा भारत – केन्द्रीय गृह मंत्री

केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा कि भारत की प्रतिष्ठा अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर तेजी से बढ़ी है। आज  ग्लोबल डिप्लोमेसी एवं ग्लोबल पॉलिटिक्स में भारत एक केन्द्र बिन्दु के रूप में उभरा है। आज विश्व का कोई भी देश भारत को नजरअंदाज  नहीं कर सकता। भारत की इस उभरती ताकत के अनुरूप नौजवानों को अपनी प्रतिभा को निखारना होगा। उन्होंने कहा कि भारत विश्व की  सबसे तेज बढ़ती अर्थव्यवस्था बन गया है।

विलक्षण है महाराणा प्रताप का इतिहास

श्री सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि जब सूरज-चांद रहेगा तब तक प्रताप का नाम रहेगा। महाराणा प्रताप की जीवनी और उनका इतिहास अद्भुत है। उनका इतिहास पढ़कर ही राजस्थान की जीवन शैली को वास्तविक रूप से जाना जा सकता है। मीरा की भक्ति, पन्नाधाय की युक्ति और भामाशाह की सम्पत्ति के सामन्जस्य ने राजस्थान के इतिहास को विलक्षण बना दिया है। स्वाभिमान की रक्षा के लिए मरमिटने वाले प्रताप के महान् योगदान को अविस्मरणीय बनाने के लिए भारत सरकार ने उनकी जयंती को हर साल धूमधाम से मनाने का फैसला किया है।

बिरले शहरों में मिलती है उदयपुर जैसी स्वच्छता

केन्द्रीय गृह मंत्री ने शहर को स्वच्छ रखने के लिए उदयपुर के नागरिकों को बधाई देते हुए कहा कि यह स्वच्छता और सुन्दरता यहां के लोगों में संस्कारों का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि बिरले ही ऐसे शहर होते हैं जहां इस तरह की स्वच्छता दिखाई देती है। उन्होंन उम्मीद जताई कि उदयपुर भारत का श्रेष्ठतम शहर बनेगा।

जयपुर/उदयपुर,8 जून 2016