मुख्यमंत्री ने रविवार को पिछोला झील पर संगीत का आनंद लिया

विश्व संगीत महोत्सव

मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने उदयपुर की पिछोला झील की लहरों के बीच जग मंदिर के नैसर्गिक वातावरण में विश्व संगीत महोत्सव की मनोहारी प्रस्तुतियों का आनंद लिया। महोत्सव के दूसरे दिन रविवार को झील पर बने विशेष रंगमंच पर दुनिया के श्रेष्ठ संगीतकारों ने सुबह की वासंती बयार में सुरीले संगीत से रसिकों को मंत्रा-मुग्ध कर दिया।

श्रीमती राजे के मुख्य आतिथ्य में कार्यक्रम की शुरूआत शास्त्रीय संगीत की विदुषी एवं गायिका अरुणा साईराम और फ्रांस के श्री डोमनिक वेलार्ड के कर्नाटक शैली के गायन और श्री ओमने टेर्रम के ग्रेगोरियम चांट्स के सुरीले संगम से हुई। कार्यक्रम में ऊँ के उच्चारण और श्लोकों के माधुर्य ने सभी को आनंदित किया, वहीं ईसाई धर्म के मास साॅन्ग का गायन भी दिल को छू गया।

कार्यक्रम में एक तरफ कर्नाटक गायन शैली में पुष्प बनती कली के लिए लोरी गायन था, तो दूसरी तरफ ’रोज आॅफ द रोज‘ गाने में फूलों की प्रशंसा। दोनों में ईश्वर की शरणागति पर आधारित भक्ति संगीत का शानदार संगम प्रस्तुत किया गया। अरुणा साईराम ने मीरा भजन का भैरवी में गायन तथा श्री डोमनिक ने उन्हीें संगीत स्वरों को जर्मन भाषा में पेश किया।

संगीत कार्यक्रम के दूसरे चरण में देवास से आए युवा हिन्दुस्तानी शास्त्रीय गायक और पंडित कुमार गंधर्व के पौत्रा श्री भुवनेश कोमकली ने राग रति भैरव में बंदिश ’अरुण आगे किरण रंग फेंको री‘ से अपनी मधुर प्रस्तुति की शुरूआत की और राग अहीर भैरव, देसकार, गौड़ सारंग में बंदिशों से श्रोताओं को आनंदित किया।

रविवार सुबह के कार्यक्रम का समापन ईरान के श्री हसन तबर के संतूर और श्री एरशाद तहरानि के डफ और तोंबक वादन से हुई। 72 तार के संतूर पर श्री हसन ने अपनी सधी हुई प्रस्तुुतियों में ईरान के शास्त्रीय और लोकप्रिय संगीत की शानदार पेशकश से लोगों का दिल जीत लिया। बड़ी संख्या में लोगों ने आस्था से डूबे हुए संगीत का आनंद लिया।

इससे पहले मुख्यमंत्री की अगवानी एचआरएच ग्रुप आॅफ होटल, उदयपुर के अध्यक्ष श्री अरविन्द सिंह मेवाड़ ने की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में संगीत प्रेमी तथा गणमान्यजन उपस्थित थे।

जयपुर/उदयपुर, 14 फरवरी 2016

CMUdaipur14Feb2016-1