महिलाएं शक्तिशाली हैं, उन्हें हैल्पलेस ना समझें

मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने कहा कि महिलाएं शक्तिशाली है, उन्हें हैल्पलेस नहीं समझना चाहिए। राजस्थान की महिलाओं में टैलेन्ट, इन्टेलिजेन्सी और अच्छे निर्णय लेने की क्षमता होती है। इन गुणों के कारण महिलाएं हर क्षेत्र में पुरूषों की बराबरी कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि राजस्थान महिला शक्ति के बल पर आगे बढ़ रहा है और कई क्षेत्रों में महिलाएं अच्छा कार्य कर रही हैं। महिलाओं को अपनी ताकत पहचानते हुए आगे बढ़ने की जरूरत है। मुख्यमंत्री ने महिलाओं को स्किल डवलपमेन्ट के माध्यम से हुनर सीखने तथा मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान से भी जुड़ने का आह्वान किया।

श्रीमती राजे सोमवार को मुख्यमंत्री निवास पर अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के महिला प्रतिनिधिमंडल को संबोधित कर रही थी। उन्होंने कहा कि महिलाएं घर की चारदीवारी से बाहर निकलकर एनजीओ एवं स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से दूसरी महिलाओं की मदद कर सकती हैं। उन्होंने 27 जनवरी से शुरू हो रहे जल स्वावलंबन अभियान में सभी महिलाओं से आगे बढ़कर सहयोग करने एवं इस अभियान के प्रति जन जागरूकता पैदा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पीने के पानी की कमी से सबसे ज्यादा तकलीफ महिलाओं को ही होती है क्योंकि उन्हें दूर-दूर तक जाकर पानी लाना पड़ता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाए अच्छी हाॅस्पिटेलिटी, इन्जिनियरिंग और दस्तकारी कर सकती है। जिन्हें प्रशिक्षण लेकर अपने पांव पर खड़ा होने की आवश्यकता है।प्रतिनिधिमंडल में शामिल महिलाओं ने भामाशाह जैसी योजनाओं के माध्यम से मुख्यमंत्री द्वारा किये जा रहे महिला सशक्तिकरण के प्रयासों की जमकर तारीफ की। उन्होंने चुनरी ओढ़ाकर श्रीमती राजे का स्वागत किया। इस अवसर पर विश्व हिन्दू परिषद के प्रदेशाध्यक्ष श्री नरपत सिंह भी मौजूद थे।


मुख्यमंत्री से मिला मेधावी छात्र मनन

मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे से सोमवार को मेधावी छात्र मनन सूद ने मुलाकात की। पांच साल के मनन ने मुख्यमंत्री को विभिन्न देशों की राजधानियों के नाम एवं पीरिओडिक टेबल धाराप्रवाह सुनाया।

श्रीमती राजे मनन की प्रतिभा से काफी प्रभावित हुईं और उन्होंने उसके उज्जवल भविष्य के लिये शुभकामनाएं दी।

जयपुर, 18 जनवरी 2016