मुख्यमंत्री ने भारतीय नौसेना आॅर्केस्ट्रा की प्रस्तुतियों की सराहना की

मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने रविवार को बिड़ला आॅडिटोरियम में इण्डियन नेवल सिम्फोनिक आॅर्केस्ट्रा की ओर से आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में भाग लिया।

कार्यक्रम में इण्डियन नेवल सिम्फोनिक आॅर्केस्ट्रा के अधिकारियों ने विभिन्न वाद्य यंत्रों की स्वर लहरियां बिखेर लोगों को मंत्र-मुग्ध कर दिया। उन्होंने विभिन्न देशभक्ति गीतों का गायन करते हुए वाद्य यंत्र वादन की सुमधुर प्रस्तुतियां दी। साथ ही, ड्रम वादन का आकर्षक एवं कर्णप्रिय प्रदर्शन किया। प्रस्तुतियों के दौरान पूरा सभागार तालियों से गूंजता रहा।

श्रीमती राजे ने भारतीय नौसेना के अधिकारियों की ओर से दी गई प्रस्तुति का तन्मयता के साथ आनन्द लिया और ताली बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने अधिकारियों एवं जवानों की ओर से दी गई प्रस्तुतियों की प्रशंसा की।

इससे पहले नौसेना अध्यक्ष एडमिरल श्री आर.के. धवन ने स्वागत सम्बोधन देते हुए भारतीय नौसेना के विकास एवं गतिविधियों की जानकारी दी। इस अवसर पर भारतीय नौसेना से सम्बन्धित एक लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। नौसेना अध्यक्ष ने इस मौके पर श्रीमती राजे को स्मृति चिन्ह एवं ‘भारत की समुद्री विरासत’ पुस्तक भेंट की।

इस अवसर पर पर्यटन राज्य मंत्री श्रीमती कृष्णेन्द्र कौर, भारतीय नौसेना के वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्यजन उपस्थित थे।

जयपुर, 28 फरवरी 2016