जयपुर शहर को ऐसे ही खूबसूरत बनाये रखें

मुख्यमंत्री ने फूलों की प्रदर्शनी एवं दस्तकार बाजार का अवलोकन किया

मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे ने रिसर्जेंट राजस्थान पार्टनरशिप समिट-2015 के सफल आयोजन के एक दिन बाद शनिवार शाम को फूलों की प्रदर्शनी, दस्तकार बाजार एवं अल्बर्ट हाॅल के बाहर आॅटो आर्ट प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

मुख्यमंत्री सबसे पहले जलमहल की पाल पर नगर निगम जयपुर द्वारा लगाई गई फूलों की प्रदर्शनी में गई। उन्होंने लगभग एक घंटे तक फ्लावर शो में घूमकर लेक्सोनियां, बिजोनियां आर्किड, रोजेज, ग्रोमेलाईट्स, सकलेन्टस् आदि वहां प्रदर्शित करीब 150 प्रजातियों के फूलों एवं पेड़-पौधों के बारे में जानकारी प्राप्त की।

श्रीमती राजे ने इस अवसर पर कहा कि रिसर्जेंट राजस्थान समिट के दौरान आए देशी-विदेशी सैलानियों ने भी जयपुर की खूबसूरती की तारीफ की है। अब यह हम सभी की जिम्मेदारी है कि शहर को स्वच्छ एवं सुन्दर बनाए रखने में अपना योगदान दें।

मुख्यमंत्री ने वहां प्रदर्शित कलाकृतियों से सजी कारें भी देखीं। इसके बाद श्रीमती राजे जलमहल के सामने परशुरामद्वारा स्थित अरबन हाट में दस्तकार बाजार देखने पहुंची। उन्होंने एक-एक स्टाॅल पर जाकर वहां प्रदर्शित शिल्पकृतियों तथा हैण्डीक्राफ्ट उत्पादों का अवलोकन किया और खरीददारी की। उन्होंने शिल्पकारों व आर्टिजन्स की कलाकृतियों को देखा और उनके हुनर को सराहा। श्रीमती राजे ने दस्तकार बाजार के फूड कोर्ट में जाकर दाबेली और भेलपुरी का स्वाद लिया। उन्होंने वहां चल रहे राजस्थानी लोक संगीत एवं नृत्य के कार्यक्रम का भी आनन्द लिया।

आॅटो आर्ट प्रदर्शनी का अवलोकन

श्रीमती राजे ने इसके बाद अल्बर्ट हाॅल के बाहर आॅटो आर्ट प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। उन्होंने वहां कार्टिस्ट आॅटो आर्ट की कलाकृतियों, पेटिंग्स एवं कलपुर्जों से बनी कलाकृतियां देखीं एवं उनके बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने अल्बर्ट हाॅल म्यूजियम में जाकर साफ-सफाई और सौन्दर्यकरण का निरीक्षण किया।

इस दौरान नगरीय विकास आवासन एवं स्वायत्त शासन मंत्री श्री राजपाल सिंह शेखावत, सांसद श्री रामचरण बोहरा, विधायक श्री सुरेन्द्र पारीक, नगर निगम के महापौर श्री निर्मल नाहटा, मुख्यमंत्री सलाहकार परिषद् की सदस्य श्रीमती मीरा महर्षि, श्रीमती मालविका सिंह, नगर निगम आयुक्त श्री आशुतोष ए.टी. पेडणेकर, अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं आमजन उपस्थित थे।

जयपुर, 21 नवम्बर 2015